
रांची: झारखंड विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। विधानसभा को निशाना बनाने की धमकी एक ईमेल के जरिए दी गई, जिसकी सूचना मिलते ही सुरक्षा व्यवस्था को अलर्ट कर दिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए झारखंड जगुआर के बम डिस्पोजल एंड डिटेक्शन स्क्वॉड (BDDS) को विधानसभा परिसर भेजा गया।
सूचना मिलने के बाद BDDS की टीम ने विधानसभा भवन और परिसर के अलग-अलग हिस्सों में सघन तलाशी अभियान चलाया। टीम ने संभावित संवेदनशील स्थानों की बारीकी से जांच की और संदिग्ध वस्तुओं की तलाश की। हालांकि, तलाशी के दौरान अब तक किसी भी तरह की आपत्तिजनक, विस्फोटक या संदिग्ध सामग्री बरामद नहीं हुई है।
विधानसभा थाना में दर्ज हुई प्राथमिकी
धमकी भरा ईमेल मिलने के मामले में झारखंड विधानसभा के एक पदाधिकारी की ओर से रांची के विधानसभा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस ने केस दर्ज करने के बाद ईमेल की जांच शुरू कर दी है। जांच एजेंसियां धमकी की गंभीरता और ईमेल के स्रोत का पता लगाने में जुटी हैं।
ईमेल भेजने वाले की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस अब तकनीकी जांच के जरिए यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि धमकी वाला ईमेल किस स्थान से भेजा गया था। इसके साथ ही ईमेल भेजने वाले व्यक्ति की पहचान और उसके पीछे संभावित मंशा की भी पड़ताल की जा रही है।





