
रांची: रांची रेल मंडल के यात्रियों के लिए जरूरी सूचना है। किता-सिल्ली रेलखंड पर विकास कार्य के लिए ब्लॉक लिए जाने के कारण 24 अगस्त 2026 को कई ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा। रेलवे की ओर से कुछ ट्रेनों का आंशिक समापन एवं प्रारंभ करने का निर्णय लिया गया है, जबकि कुछ ट्रेनों को पूरी तरह रद्द किया गया है। ऐसे में यात्रा से पहले यात्रियों को अपनी ट्रेन की स्थिति जरूर जांच लेने की सलाह दी गई है।
रेल मंडल के अनुसार, ट्रेन संख्या 13503/13504 बर्द्धमान-हटिया-बर्द्धमान मेमू एक्सप्रेस 24 अगस्त को गोमो स्टेशन तक ही संचालित होगी। गोमो से हटिया और हटिया से गोमो के बीच इस ट्रेन का परिचालन रद्द रहेगा।
इसी तरह ट्रेन संख्या 18035/18036 खड़गपुर-हटिया-खड़गपुर एक्सप्रेस का आंशिक समापन और प्रारंभ आद्रा स्टेशन पर किया जाएगा। इसके चलते आद्रा और हटिया के बीच ट्रेन का परिचालन नहीं होगा।
विकास कार्य का असर ट्रेन संख्या 63598/63597 आसनसोल-रांची-आसनसोल मेमू पैसेंजर पर भी पड़ेगा। 24 अगस्त को यह ट्रेन मूरी स्टेशन तक ही चलेगी। मूरी-रांची और रांची-मूरी के बीच इसका परिचालन रद्द रहेगा।
इसके अलावा ट्रेन संख्या 58663/58664 और 58665/58666 हटिया-सांकी-हटिया पैसेंजर ट्रेनों को 24 अगस्त को पूरी तरह रद्द कर दिया गया है।
रेलवे के अनुसार, हावड़ा लिंक केबिन पर विकास कार्य के लिए नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य किया जाना है। इसके कारण ट्रेन संख्या 18615 हावड़ा-हटिया क्रिया योगा एक्सप्रेस 24 और 25 अगस्त को सांतरागाछी स्टेशन से आंशिक रूप से प्रारंभ होगी।
वहीं, दक्षिण पूर्व रेलवे के खड़गपुर मंडल के बालीचक यार्ड में आरओबी लॉन्चिंग कार्य के कारण ट्रेन संख्या 18615/18616 हावड़ा-हटिया-हावड़ा एक्सप्रेस का परिचालन 19 सितंबर 2026 को रद्द रहेगा।





