---Advertisement---

शर्मनाक! युवती के साथ सरेराह छेड़छाड़, डरी-सहमी चिल्लाती रही; पीछे पड़े रहे मनचले; VIDEO वायरल

On: March 20, 2026 12:43 PM
---Advertisement---

हल्द्वानी: उत्तराखंड के हल्द्वानी शहर से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां बुलेट सवार दो युवकों ने रात के समय एक युवती का करीब 20 मिनट तक पीछा किया। इस दौरान आरोपियों ने न सिर्फ युवती के साथ अभद्रता और छेड़छाड़ की, बल्कि उसे घर छोड़ने जा रहे युवक के साथ मारपीट कर जान से मारने की धमकी भी दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

क्या है पूरा मामला

पीड़िता के अनुसार, 16 मार्च की रात वह राजपुरा इलाके में अपनी सहेली के जन्मदिन समारोह से लौट रही थी। रात करीब 10 बजे सहेली का भाई उसे बाइक से घर छोड़ने निकला। जैसे ही वे रोडवेज स्टेशन के पास स्थित स्टेडियम वाली गली में पहुंचे, तभी बुलेट सवार दो युवकों ने हॉर्न बजाते हुए उनका पीछा करना शुरू कर दिया।

रास्ते में रोककर की मारपीट

पीछा करते हुए आरोपी जेल चौराहे के पास पहुंचे और बाइक के आगे अपनी बुलेट अड़ा दी। इसके बाद उन्होंने बाइक चला रहे युवक के साथ मारपीट की और उसे जान से मारने की धमकी दी। वहीं युवती के साथ अभद्रता और छेड़छाड़ की गई।

पीड़िता ने बताया कि आरोपी यहीं नहीं रुके। वे लगातार पीछा करते हुए रामपुर रोड स्थित समता आश्रम की गली तक पहुंचे। इस दौरान बाइक सवार युवक और युवती दो ट्रकों की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए। बाद में उन्होंने किसी तरह अपनी जान बचाते हुए बरेली रोड की ओर निकलकर एक कार के पीछे छिपकर खुद को सुरक्षित किया।

लोगों की भीड़ जुटते ही आरोपी फरार

घटना के बाद पीड़ितों ने आसपास मौजूद लोगों को पूरी बात बताई, जिसके बाद वहां भीड़ जुट गई। लोगों को इकट्ठा होते देख आरोपी मौके से फरार हो गए। इसके बाद पीड़ित पक्ष कोतवाली पहुंचा और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसमें युवती मदद के लिए चिल्लाती नजर आ रही है। हैरानी की बात यह है कि जहां घटना की शुरुआत हुई, वह स्थान कोतवाली और कई प्रशासनिक अधिकारियों के आवास के बेहद करीब है। इसके बावजूद मौके पर पुलिस की मौजूदगी नहीं दिखी, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज करते हुए दोनों आरोपियों अजय फर्त्याल और अजय थापा को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में इस्तेमाल की गई बुलेट बाइक को भी जब्त कर लिया गया है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now