
धनबाद: बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में मंगलवार को पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। निरंकारी और कुर्मीडीह चौक के बीच हुई इस घटना में पुलिस की जवाबी फायरिंग में दो अपराधी गोली लगने से घायल हो गए, जबकि उनका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। दोनों घायल अपराधियों को इलाज के लिए SNMMCH में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी इलाके में रंगदारी वसूलने के लिए पहुंचे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस की पेट्रोलिंग टीम ने संदिग्धों की तलाश शुरू की। पुलिस को देखते ही अपराधियों ने भागने की कोशिश की और इसी दौरान निरंकारी-कुर्मीडीह चौक के बीच दोनों ओर से फायरिंग शुरू हो गई।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो अपराधियों को गोली लगी। घायल बदमाशों की पहचान वासेपुर निवासी इरफान आलम और पुटकी निवासी नन्हे के रूप में हुई है। वहीं, तीसरा अपराधी मौके से भाग निकलने में कामयाब रहा।
घटना के बाद धनबाद एसएसपी प्रभात कुमार, ग्रामीण एसपी और बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल की जांच करते हुए एक बाइक और हथियार बरामद किया है। FSL की टीम ने भी मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में घायल अपराधियों के मोबाइल फोन से अहम सुराग मिलने की बात सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, मोबाइल में कुख्यात अपराधी प्रिंस खान के भाई गोपी खान से बातचीत के संकेत मिले हैं। हालांकि, पूरे मामले की पुष्टि के लिए पुलिस कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच कर रही है।
फिलहाल पुलिस फरार अपराधी की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। घायल आरोपियों से पूछताछ के जरिए रंगदारी वसूली के नेटवर्क और उनसे जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच आगे बढ़ने पर इस पूरे नेटवर्क से जुड़े और भी नाम सामने आ सकते हैं।





