झारखंड वार्ता
छत्तीसगढ़:- छत्तीसगढ़ में पहले चरण के लिए हो रहे मतदान के बीच प्रदेश के कई जगहों में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई है। सुकमा में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ में सीआरपीएफ के कई जवानों के घायल होने की खबर है। वहीं बीजापुर में तीन नक्सलियों के मारे जाने की खबर है।
नारायणपुर में भी हुई मुठभेड़
छत्तीसगढ़ के नारायणपुर में ओरछा पुलिस स्टेशन के पास जंगल क्षेत्र में एसटीएफ और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ के बीच नक्सलियों के भाग जाने से एसटीएफ के जवान सुरक्षित हैं। इलाके की तलाशी की जा रही है। सोशल मीडिया पर मतदान केंद्रों को नक्सलियों द्वारा घेरने की वायरल सूचना गलत है और मतदान जारी है।
कांकेर में पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़
कांकेर में पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई। लगभग आधे घंटे तक मुठभेड़ चली। बता दें कि चुनाव करवाने गए बीएसएफ और बस्तर फाइटर के जवानों के साथ माड़पखांजूर तथा उलिया जंगल में मुठभेड़ हुई। पखांजुर एएसपी ने पूरे मामले की जानकारी दी है। कांकेर में बांदे थाना क्षेत्र में बीएसएफ एवं डीआरजी की टीम मतदान के लिए एरिया डोमिनेशन पे निकली थी। इसी दौरान डीआरजी के साथ पानावर के पास मुठभेड़ हुई। घटनास्थल से एक AK-47 बरामद की गई है। कुछ नक्सलियों के घायल होने और मरने की संभावना है।
बीजापुर में सीआरपीएफ और नक्सलियों की मुठभेड़
बीजापुर के गंगालूर मार्ग पर एरिया डॉमिनेशन पर निकली सीआरपीएफ जवानों की पार्टी के साथ नक्सलियों की मुठभेड़ हुई। पुलिस ने दावा किया है कि नक्सली दो से तीन शव लेकर भाग रहे थे। वहीं घटनास्थल पर खून के धब्बे व घसीटने के निशान मिले हैं।