कार्बी आंगलोंग: भारतीय वायुसेना का एक अत्याधुनिक लड़ाकू विमान सुखोई (Su-30MKI) गुरुवार शाम असम में उड़ान के दौरान अचानक रडार से गायब हो गया। विमान के चोकिहोला इलाके में क्रैश होने की खबर है। घटना के बाद वायुसेना और स्थानीय प्रशासन ने बड़े पैमाने पर तलाशी और बचाव अभियान शुरू कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, यह विमान असम के कार्बी आंगलोंग जिले के ऊपर नियमित सॉर्टी के दौरान शाम करीब 7 बजे रडार से संपर्क खो बैठा। विमान के लापता होने की पुष्टि भारतीय वायुसेना के गुवाहाटी स्थित रक्षा जनसंपर्क अधिकारी (PRO) ने की है।
मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि जिस इलाके में विमान का संपर्क टूटा, वहां आसपास के ग्रामीणों ने तेज धमाके की आवाज भी सुनी है। इसके बाद आशंका जताई जा रही है कि विमान दुर्घटनाग्रस्त हो सकता है। हालांकि अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
बताया जा रहा है कि विमान में मौजूद पायलट का भी फिलहाल कोई पता नहीं चल पाया है। वायुसेना के साथ-साथ स्थानीय पुलिस और अन्य एजेंसियां संभावित इलाके में खोजबीन कर रही हैं। जंगल और पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण तलाशी अभियान में दिक्कतें आ रही हैं।
यह लड़ाकू विमान 4.5वीं पीढ़ी का अत्याधुनिक मल्टीरोल फाइटर जेट माना जाता है, जिसका इस्तेमाल वायुसेना हवाई सुरक्षा और सामरिक मिशनों के लिए करती है।
फिलहाल रक्षा मंत्रालय की ओर से इस घटना को लेकर विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। वायुसेना ने कहा है कि विमान और पायलट की तलाश के लिए अभियान जारी है और जैसे ही कोई ठोस जानकारी मिलेगी, उसे साझा किया जाएगा।








