
झारखंड वार्ता संवाददाता
श्री बंशीधर नगर (गढ़वा)। ऐतिहासिक श्री राधा कृष्ण बंशीधर मंदिर में बुधवार को गुरु पूर्णिमा का पर्व श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर मंदिर परिसर में सुबह से ही श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। भगवान श्री बंशीधर जी के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं ने पूरे दिन मंदिर परिसर को भक्तिमय बनाए रखा। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर भगवान श्री बंशीधर जी की वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विशेष पूजा-अर्चना संपन्न कराई गई। प्रातःकाल भगवान का सहस्त्रनाम अर्चन किया गया तथा भक्तों ने अपने गुरु और आराध्य के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए सुख, समृद्धि और विश्व कल्याण की कामना की।
गुरु पूर्णिमा की पूर्व संध्या से ही मंदिर परिसर में 36 घंटे का अखंड श्रीरामचरितमानस पाठ प्रारंभ हुआ, जिसके समापन के बाद पूरा वातावरण रामधुन और भक्ति रस से सराबोर हो गया।वही दोपहर में श्री बंशीधर सूर्य मंदिर ट्रस्ट की ओर से आयोजित महाभंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किए। वही संध्या बेला में भगवान श्री बंशीधर जी को छप्पन भोग अर्पित किया गया तथा विशेष आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
प्रधान ट्रस्टी राजेश प्रताप देव ने कहा कि गुरु पूर्णिमा हमारे सनातन धर्म में गुरु के प्रति श्रद्धा और सम्मान का पर्व है। श्री बंशीधर मंदिर में श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह के साथ यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। मैं सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करता हूं और भगवान श्री बंशीधर जी से सभी के सुख, शांति और समृद्धि की कामना करता हूं।
मौके पर आचार्य सत्यनारायण मिश्रा, प्रतिष्ठित व्यवसाई वीरेंद्र प्रसाद कमलापुरी,नागेंद्र प्रसाद, मंदीप प्रसाद, सुजीत अग्रवाल, राजेश पांडेय, राजन जायसवाल, मिक्की जायसवाल, राकेश विश्वकर्मा, सुरेश विश्वकर्मा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।





