July 26, 2026

खाद्य सुरक्षा विभाग ने कस्तूरबा और जवाहर नवोदय विद्यालयों में विद्यार्थियों से बातचीत की

गुमला | संयुक्त खाद्य सुरक्षा आयुक्त (झारखंड), उपायुक्त (गुमला) एवं अभिहित पदाधिकारी-सह-अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने शनिवार को घाघरा प्रखंड के विद्यालयों में विशेष निरीक्षण एवं जागरूकता अभियान चलाया. इस दौरान टीम ने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (घाघरा) और जवाहर नवोदय विद्यालय (मसरिया) का औचक निरीक्षण किया और भोजन की गुणवत्ता की जांच की. अभियान का नेतृत्व खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी प्रकाश चंद्र गुग्गी, कुमार प्रभाकर एवं आशा राज ने संयुक्त रूप से किया. टीम ने कस्तूरबा एवं नवोदय विद्यालय की रसोई की साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था, खाद्य सामग्री के भंडारण एवं भोजन बनाने की प्रक्रिया का गहनता से निरीक्षण किया। अधिकारियों ने रसोइयों और प्रबंधन को स्वच्छता मानकों का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने 300 से अधिक छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद किया। टीम ने बच्चों से प्रतिदिन मिलने वाले भोजन के स्वाद, गुणवत्ता और मात्रा के संबंध में फीडबैक लिया। विद्यार्थियों ने भोजन व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया। जागरूकता सत्र के दौरान अधिकारियों ने छात्रों को आज से कम तेल, चीनी और नमक का सेवन करने के लिए प्रेरित किया। अधिकारियों ने कहा कि कम उम्र से ही संतुलित आहार खाने से भविष्य में होने वाली गंभीर बीमारियों से बचा जा सकता है। इसके अलावा गरिष्ठ खाद्य पदार्थों के उपयोग और स्वच्छ खान-पान की आदतों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। खाद्य पदार्थों की बर्बादी रोकने पर भी ध्यान आकर्षित किया गया। विद्यार्थियों को तंबाकू व तंबाकू उत्पादों के नशे से दूर रहने की हिदायत दी गई।

Source link

ख़बर को शेयर करें।