July 26, 2026

जर्जर है राउवि मोरहाटोली का भवन, जान जोखिम में डालकर पढ़ते हैं स्कूली बच्चे

app_17849715116a6480f79bed2_img20260725123432.jpg


भास्कर न्यूज|कामडारा प्रखंड क्षेत्र के सालेगुटू पंचायत अंतर्गत राजकीय उत्क्रमित उच्च विद्यालय मोरहाटोली का भवन पूरी तरह से जर्जर हो चुका है। छत से प्लास्टर उखड़ रहा है और बारिश के दौरान छत से पानी टपकता है। जानकारी के अनुसार उक्त विद्यालय में कक्षा एक से लेकर कक्षा दस तक की पढ़ाई मात्र पांच कमरों में होती है. कुल बच्चों की संख्या 260 है। इस स्कूल में बच्चों की पढ़ाई के लिए कुल 11 शिक्षक तैनात हैं। लेकिन स्कूली बच्चे जान जोखिम में डालकर उक्त विद्यालय के जर्जर भवन में पढ़ने को मजबूर हैं. इसके बावजूद विभाग के संबंधित पदाधिकारी व जन प्रतिनिधियों का ध्यान इस ओर आकर्षित नहीं हो रहा है. जो काफी विडम्बनापूर्ण है. विद्यालय के एचएम सूरज मिंज ने बताया कि विद्यालय के जर्जर भवन की जानकारी करीब तीन माह पहले बीआरसी कामडारा को रिपोर्ट देते हुए दी गयी थी. स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि विद्यालय में बच्चों के पढ़ने के लिए कमरों की कमी है. जिन कमरों में बच्चे पढ़ते हैं उनकी हालत भी काफी खराब है. अक्सर छत से प्लास्टर उखड़कर गिरने लगता है; इसके अलावा बारिश होते ही छत से पानी टपकने से भी पढ़ाई प्रभावित होती है। ग्रामीणों ने स्थानीय विधायक व अन्य जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि राजकीय उत्क्रमित उच्च विद्यालय मोरहाटोली के जर्जर भवन की यथाशीघ्र मरम्मत करायी जाये तथा अन्य चार नये कमरों की व्यवस्था करायी जाये. इधर, विद्यालय के जर्जर भवन के संबंध में जब बीपीओ चन्द्रशेखर नाथ शाहदेव से बात की गयी तो उन्होंने कहा कि इसकी रिपोर्ट जिला मुख्यालय को भेज दी गयी है.

Source link

ख़बर को शेयर करें।