रांची: रांची स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में रविवार को आयोजित मिलन समारोह में झामुमो के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री दुलाल भुइयां अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए। प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी की मौजूदगी में उन्होंने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
भाजपा में शामिल होने के बाद दुलाल भुइयां ने कहा कि अब वे पार्टी नहीं छोड़ेंगे और पूरी निष्ठा के साथ संगठन को मजबूत करेंगे। उन्होंने जुगसलाई विधानसभा क्षेत्र का जिक्र करते हुए कहा कि वहां की जनता के विकास और भुइयां समाज के सम्मान के लिए वे काम करेंगे। दुलाल भुइयां 2 बार भूमि सुधार व राजस्व मंत्री और लगातार 3 बार जुगसलाई से विधायक रह चुके हैं और क्षेत्र में उनका मजबूत जनाधार माना जाता है।
मिलन समारोह में उनके पुत्र विप्लव भुइयां, दिलीप भुइयां और भुइयां समाज के केंद्रीय उपाध्यक्ष नुनूलाल भुइयां सहित बड़ी संख्या में समर्थकों ने भी भाजपा की सदस्यता ली। भाजपा नेताओं ने इसे संगठन के विस्तार और सामाजिक समीकरण के लिहाज से महत्वपूर्ण बताया।
भाजपा में शामिल होते ही दुलाल भुइयां ने झामुमो पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जब शिबू सोरेन सक्रिय थे तब झामुमो संघर्ष की पार्टी थी, लेकिन अब यह हेमंत सोरेन तक सीमित होकर रह गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी में उन्हें और उनके समर्थकों को प्रताड़ित किया गया तथा भुइयां समाज को उचित सम्मान नहीं मिला। अगर कोई सम्मान देगा तो वो बीजेपी ही है।












