
टेक्नोलॉजी डेस्क: WhatsApp भारत में अपने यूजर्स के लिए एक नया Bill Payments फीचर शुरू करने जा रहा है। इस सुविधा के आने के बाद लोगों को बिजली, पानी, गैस, FASTag, बीमा, क्रेडिट कार्ड और लोन की किस्त जैसे बिलों का भुगतान करने के लिए अलग-अलग ऐप या वेबसाइट खोलने की जरूरत नहीं पड़ेगी। यूजर्स WhatsApp के अंदर ही बिलर की जानकारी हासिल करने से लेकर भुगतान तक की प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे।
कंपनी के मुताबिक, यह सुविधा Bharat Connect (BBPS) नेटवर्क से जुड़ी होगी। इसके जरिए यूजर्स देशभर में 22,700 से ज्यादा बिलर्स और 30 अलग-अलग कैटेगरी की बिल भुगतान सेवाओं तक पहुंच सकेंगे। फीचर को चरणबद्ध तरीके से रोलआउट किया जाएगा और आने वाले कुछ हफ्तों में यह Android और iOS यूजर्स के लिए पूरे भारत में उपलब्ध होगा।
किन-किन बिलों का भुगतान WhatsApp से होगा?
WhatsApp के नए Bill Payments फीचर के जरिए कई तरह के जरूरी बिल और भुगतान किए जा सकेंगे। इनमें प्रमुख रूप से शामिल हैं:
– बिजली का बिल
– गैस का बिल
– पानी का बिल
– FASTag से जुड़े भुगतान
– बीमा प्रीमियम
– क्रेडिट कार्ड बिल
– लोन की किस्त
– अन्य घरेलू और यूटिलिटी बिल
खास बात यह है कि यूजर्स किसी एक बिलर के एक से ज्यादा अकाउंट भी मैनेज कर सकेंगे। यानी घर, ऑफिस या परिवार के अलग-अलग सदस्यों से जुड़े बिलों को एक ही जगह से संभालना आसान होगा।
WhatsApp पर ऐसे भर सकेंगे बिल
Bill Payments फीचर को इस्तेमाल करने के लिए यूजर्स को WhatsApp की होम स्क्रीन पर दिखाई देने वाले ₹ आइकन पर टैप करना होगा। इसके बाद बिल भुगतान की प्रक्रिया कुछ इस तरह पूरी की जा सकेगी
1. WhatsApp खोलें: ऐप की होम स्क्रीन पर सबसे ऊपर दिखाई देने वाले ₹ आइकन पर टैप करें।
2. बिल की कैटेगरी चुनें: जिस तरह का बिल भरना है, उसकी कैटेगरी और संबंधित बिलर को चुनें।
3. अकाउंट की जानकारी दें: बिलर द्वारा मांगी गई जरूरी अकाउंट संबंधी जानकारी दर्ज करें और उसे वेरिफाई करें।
4. बिल की जानकारी जांचें: स्क्रीन पर दिखाई देने वाली बिल राशि और दूसरी जानकारियों को ध्यान से चेक करें।
5. पेमेंट का विकल्प चुनें: उपलब्ध विकल्पों में से UPI, डेबिट कार्ड या क्रेडिट कार्ड के जरिए भुगतान करें।
6. भुगतान पूरा करें: पेमेंट की पुष्टि करते ही बिल भुगतान की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी।
पुराने बिलर्स दोबारा ढूंढना होगा आसान
WhatsApp इस फीचर को सिर्फ एक बार बिल भुगतान करने तक सीमित नहीं रख रहा है। जिन बिलर्स के जरिए यूजर्स पहले भुगतान कर चुके हैं, वे Payments Home पेज पर दिखाई दे सकते हैं। इससे हर बार बिलर को दोबारा खोजने की जरूरत कम होगी और नियमित भुगतान करना आसान हो जाएगा।
यूजर्स इस सेक्शन के जरिए अपने पुराने भुगतानों को देख सकेंगे। साथ ही, आने वाले बिलों की जानकारी भी चेक कर सकेंगे।
एक ही जगह मैनेज होंगे कई बिल अकाउंट
नए फीचर की एक अहम सुविधा यह है कि एक ही बिलर से जुड़े कई अकाउंट को मैनेज किया जा सकेगा। उदाहरण के तौर पर अगर किसी यूजर के घर और ऑफिस के अलग-अलग बिजली कनेक्शन हैं, तो दोनों अकाउंट को एक ही जगह से संभालना संभव होगा।
इसी तरह परिवार के अलग-अलग सदस्यों के बिल भी मैनेज किए जा सकेंगे। इससे नियमित रूप से कई बिलों का भुगतान करने वाले यूजर्स को खास सुविधा मिलने की उम्मीद है।
22,700 से ज्यादा बिलर्स का नेटवर्क
WhatsApp का Bill Payments फीचर Bharat Connect (BBPS) नेटवर्क पर आधारित होगा। कंपनी के अनुसार, इस नेटवर्क के जरिए यूजर्स को 22,700 से अधिक बिलर्स तक पहुंच मिलेगी। ये बिलर्स 30 अलग-अलग कैटेगरी में सेवाएं उपलब्ध कराते हैं।
Payments Home स्क्रीन पर यूजर्स को आमतौर पर इस्तेमाल होने वाली बिल कैटेगरी प्रमुखता से दिखाई जाएगी। वहीं, ‘See All’ विकल्प पर टैप करके दूसरी उपलब्ध कैटेगरी भी देखी जा सकेगी।
WhatsApp पहले से दे रहा है कई पेमेंट और सर्विस सुविधाएं
WhatsApp भारत में अपने प्लेटफॉर्म पर भुगतान और दूसरी डिजिटल सेवाओं का दायरा लगातार बढ़ा रहा है। कंपनी पहले से ही मोबाइल रिचार्ज, मेट्रो टिकट बुकिंग और नागरिक सेवाओं जैसी सुविधाओं को WhatsApp के जरिए उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है।
चरणबद्ध तरीके से होगा फीचर का रोलआउट
WhatsApp के मुताबिक, Bill Payments फीचर को एक साथ सभी यूजर्स के लिए उपलब्ध नहीं कराया जाएगा। इसका फेज्ड रोलआउट किया जाएगा। आने वाले कुछ हफ्तों में यह सुविधा भारत में Android और iOS यूजर्स के लिए उपलब्ध होने लगेगी।







