
गढ़वा: जिले के मेराल थाना क्षेत्र में शनिवार को तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से नौ वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। हादसा मेराल-डंडई मुख्य मार्ग पर हारादाग गांव स्थित उरिया नदी के समीप हुआ। मृतक की पहचान हारादाग गांव निवासी रामलाल चौधरी के पुत्र शिवम कुमार के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, शिवम शनिवार को अपने दुकान के समीप खेल रहा था। इसी दौरान गढ़वा की ओर से तेज गति से डंडई की तरफ जा रही एक कार ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद बच्चा गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।
हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। आनन-फानन में घायल शिवम को इलाज के लिए गढ़वा सदर अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि दुर्घटना में शामिल कार डंडई की है और उसका चालक गढ़वा से अपने घर डंडई लौट रहा था। इसी दौरान उरिया नदी के पास यह हादसा हो गया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना की जानकारी ली। पुलिस ने बच्चे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर चालक को हिरासत में लिया गया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और हादसे के कारणों की जांच में जुटी है।
इधर, शिवम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद पूरे हारादाग गांव में शोक का माहौल है।







