
गढ़वा: जिले के रंका थाना क्षेत्र स्थित गोदरमाना पुल के पास गणेश पूजा के नाम पर ट्रक चालकों से कथित जबरन चंदा वसूली का मामला सामने आया है। 27 अगस्त की रात एक ट्रक चालक से मारपीट कर 10 हजार रुपये जबरन लेने के आरोप में रंका पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपित विक्की कुमार पासवान को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से कथित रूप से वसूली गई रकम में से 2,800 रुपये भी बरामद किए हैं।
मामले की जानकारी देते हुए एसडीपीओ रोहित रंजन सिंह ने प्रेसवार्ता में बताया कि पलामू जिले के हैदरनगर थाना क्षेत्र के डुबा गांव निवासी ट्रक चालक मेराज अली ने रंका थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। चालक के अनुसार, गोदरमाना पुल के पास विक्की कुमार पासवान, विवेकानंद चौबे समेत करीब आठ अज्ञात लोगों ने उसका ट्रक रोक लिया और उसके साथ मारपीट की।
आरोप है कि आरोपितों ने गणेश पूजा के चंदे के नाम पर चालक से 10 हजार रुपये जबरन ले लिए। विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई। चालक ने घटना से संबंधित वीडियो भी पुलिस को उपलब्ध कराया है।
पुलिस के अनुसार, पिछले कई दिनों से गणेश पूजा समिति और बाजार समिति, गोदरमाना से जुड़े कुछ सदस्यों द्वारा रात के समय ट्रक चालकों को रोककर डराने-धमकाने और पूजा के नाम पर कथित रूप से जबरन वसूली करने की शिकायतें मिल रही थीं। डायल-112 और पुलिस कंट्रोल रूम में भी इस संबंध में सूचनाएं प्राप्त हुई थीं।
थाना प्रभारी की ओर से समिति के सदस्यों को इस तरह की वसूली नहीं करने की कई बार हिदायत दी गई थी। स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भी मामले की जानकारी दी गई थी। पुलिस के अनुसार, इसके बावजूद कथित वसूली का सिलसिला जारी रहा।
इस मामले में रंका थाना कांड संख्या 128/26, दिनांक 28 अगस्त 2026 को बीएनएस की धारा 308(4)/308(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने मुख्य आरोपित विक्की कुमार पासवान को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
छापेमारी दल में थाना प्रभारी रवि कुमार केशरी, एसआई शफीउल्लाह अंसारी, आरक्षी प्रमोद कुमार और ललु कुमार रवि शामिल थे।





