{"remix_data":[],"remix_entry_point":"challenges","source_tags":["local"],"origin":"unknown","total_draw_time":0,"total_draw_actions":0,"layers_used":0,"brushes_used":0,"photos_added":0,"total_editor_actions":{},"tools_used":{},"is_sticker":false,"edited_since_last_sticker_save":false,"containsFTESticker":false}
जमशेदपुर: अक्सर किसी न किसी बात से चर्चा में रहने वाले कोल्हान के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल में शनिवार को ऐसी घटना हो गई जिससे लिफ्ट में सवार 15 से अधिक लोगों में चीख पुकार मच गई।बिजली गुल होने के बाद लिफ्ट में 15 से अधिक लोग करीब 30 मिनट तक लोग लिफ्ट के अंदर फंसे रहे। इनमें बच्चे, महिलाएं, बुजुर्ग और व्हीलचेयर पर सवार एक गंभीर मरीज भी शामिल था।
बताया गया कि शनिवार दोपहर करीब दो बजे अचानक बिजली चली गई। इसी दौरान अस्पताल के चार और पांच मंजिला भवन के बीच चल रही लिफ्ट नंबर पांच अचानक रुक गई। बिजली गुल होने के बाद लिफ्ट के भीतर अंधेरा छा गया और कुछ देर बाद अंदर मौजूद लोगों में बेचैनी बढ़ने लगी।
लिफ्ट में बढ़ने लगी घुटन, मदद के लिए लगाई गुहार
लिफ्ट में फंसे लोगों ने शुरुआत में बिजली बहाल होने का इंतजार किया। लेकिन जब कई मिनट तक बिजली नहीं आई तो अंदर घुटन महसूस होने लगी। इसके बाद लोगों ने दरवाजा खोलने के लिए आवाज लगानी शुरू कर दी।
सोनारी निवासी मरीज के परिजन महेंद्र के मुताबिक, लिफ्ट अचानक बंद होते ही अंदर अंधेरा हो गया था। कुछ देर तक सभी लोग शांत रहे, लेकिन समय बीतने के साथ स्थिति बिगड़ने लगी। इसके बाद लोगों ने जोर-जोर से मदद के लिए पुकारना शुरू कर दिया।
लिफ्ट से आ रही आवाजें सुनकर अस्पताल परिसर में मौजूद कर्मचारियों और सुरक्षाकर्मियों को घटना की जानकारी हुई। इसके बाद लिफ्ट में फंसे लोगों को बाहर निकालने की कवायद शुरू की गई।
रेस्क्यू के लिए चाबी तलाशते रहे कर्मचारी
घटना के दौरान अस्पताल की आपातकालीन व्यवस्था की भी पोल खुल गई। लिफ्ट को खोलने के लिए जरूरी इमरजेंसी चाबी मौके पर उपलब्ध नहीं थी। अस्पताल कर्मचारियों के अनुसार, नए भवन की लिफ्ट से संबंधित तीन चाबियां पहले ही गुम हो चुकी हैं।
स्थिति को देखते हुए पुराने एमजीएम अस्पताल से इमरजेंसी चाबी मंगाई गई। इसके बाद बिजली मिस्त्री की मदद से लिफ्ट का दरवाजा खोला गया और अंदर फंसे सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
करीब आधे घंटे तक चले इस घटनाक्रम के दौरान अस्पताल परिसर में लोगों की भीड़ जुट गई थी।
अस्पताल की 12 में से 9 लिफ्ट खराब होने का दावा
लिफ्ट में लोगों के फंसने की घटना ने एमजीएम अस्पताल की लिफ्ट व्यवस्था और रखरखाव पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अस्पताल में कुल 12 लिफ्टें लगी हुई हैं, लेकिन इनमें से 9 के लंबे समय से खराब रहने की बात सामने आई है।
बताया जा रहा है कि जून महीने में भी लिफ्टों की मरम्मत को लेकर कवायद की गई थी। इसके बावजूद अस्पताल में लिफ्ट संचालन की स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ।
बिजली विभाग के काम के कारण गई थी बिजली
अस्पताल प्रबंधन की ओर से बिजली कटने की वजह झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (JBVNL) की ओर से किए जा रहे कार्य को बताया गया है। हालांकि, बिजली गुल होने के दौरान लिफ्ट में लोगों के फंसने की घटना ने अस्पताल के पावर बैकअप और आपातकालीन रेस्क्यू सिस्टम पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सबसे बड़ा सवाल यही है कि इतने बड़े सरकारी अस्पताल में बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में लिफ्टों को सुरक्षित तरीके से संचालित करने और उसमें फंसे लोगों को तत्काल बाहर निकालने के लिए पर्याप्त व्यवस्था क्यों नहीं थी।






