---Advertisement---

गढ़वा-पलामू को मिली बड़ी रेल सौगात, अब जयपुर के लिए चलेगी सीधी एक्सप्रेस ट्रेन

On: May 7, 2026 1:05 PM
---Advertisement---

झारखंड वार्ता संवाददाता

गढ़वा। पलामू संसदीय क्षेत्र, विशेषकर गढ़वा और पलामू जिले के रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। लंबे समय से राजस्थान के लिए सीधी रेल सेवा की मांग कर रहे लोगों का इंतजार अब खत्म हो गया है। रेलवे बोर्ड ने संतरागाछी-खाटीपुरा (जयपुर) एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 18061/18062 के परिचालन को औपचारिक स्वीकृति दे दी है। यह साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन गढ़वा रोड और डालटनगंज स्टेशन होते हुए चलेगी, जिससे क्षेत्र के लाखों यात्रियों को राजस्थान और पश्चिम बंगाल के लिए सीधी रेल सुविधा मिलेगी।

नई ट्रेन सेवा शुरू होने से गढ़वा, पलामू और आसपास के क्षेत्रों के व्यवसायियों, छात्रों, नौकरीपेशा लोगों और मजदूरों को काफी राहत मिलेगी। अब यात्रियों को जयपुर और प्रयागराज जैसे प्रमुख शहरों तक पहुंचने के लिए बार-बार ट्रेन बदलने की परेशानी से मुक्ति मिलेगी।

जानकारी के अनुसार यह ट्रेन संतरागाछी और टाटानगर से खुलकर रांची, डालटनगंज, गढ़वा रोड, मिर्जापुर और प्रयागराज होते हुए खाटीपुरा (जयपुर) तक जाएगी। इस रेल सेवा से झारखंड और राजस्थान के बीच संपर्क और मजबूत होगा। साथ ही व्यापारिक गतिविधियों और रोजगार के अवसरों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

पलामू सांसद विष्णु दयाल राम ने इसे क्षेत्र की जनता की लंबे समय से चली आ रही मांग की बड़ी जीत बताया है। उन्होंने कहा कि इस ट्रेन सेवा को शुरू कराने के लिए उन्होंने लोकसभा में नियम 377 और शून्यकाल के दौरान लगातार आवाज उठाई थी। इसके अलावा रेल मंत्रालय के साथ पत्राचार और व्यक्तिगत स्तर पर रेल मंत्री से मुलाकात कर जल्द स्वीकृति देने का आग्रह किया गया था।

सांसद ने कहा कि गढ़वा और पलामू की जनता का सपना अब साकार हुआ है। बहुत जल्द इस नई ट्रेन सेवा के शुभारंभ को लेकर भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें क्षेत्रवासियों को यह सौगात समर्पित की जाएगी। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त किया।

स्थानीय लोगों ने भी इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि गढ़वा रोड स्टेशन पर ट्रेन के ठहराव से क्षेत्र की रेल संपर्क व्यवस्था मजबूत होगी। इससे यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलने के साथ-साथ व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।

मुख्य बातें :

• ट्रेन संख्या – 18061/18062 (साप्ताहिक)
• रूट – संतरागाछी – टाटानगर – रांची – डालटनगंज – गढ़वा रोड – मिर्जापुर – प्रयागराज – खाटीपुरा (जयपुर)
• लाभ – गढ़वा और पलामू के लाखों लोगों को राजस्थान के लिए सीधी रेल सेवा की सुविधा मिलेगी।

Shubham Jaiswal

“मैं शुभम जायसवाल, बीते आठ वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र से जुड़ा हूँ। इस दौरान मैंने विभिन्न प्रतिष्ठित अखबारों और समाचार चैनलों में प्रतिनिधि के रूप में कार्य करते हुए न केवल खबरों को पाठकों और दर्शकों तक पहुँचाने का कार्य किया, बल्कि समाज की समस्याओं, आम जनता की आवाज़ और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की वास्तविक तस्वीर को उजागर करने का प्रयास भी निरंतर करता रहा हूँ। पिछले पाँच वर्षों से मैं साप्ताहिक अखबार ‘झारखंड वार्ता’ से जुड़ा हूँ और क्षेत्रीय से जिले की हर छोटी-बड़ी घटनाओं की सटीक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग के माध्यम से पत्रकारिता को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का प्रयास कर रहा हूँ। पत्रकारिता मेरे लिए केवल पेशा नहीं बल्कि समाज और जनता के प्रति एक जिम्मेदारी है, जहाँ मेरी कलम हमेशा सच और न्याय के पक्ष में चलती है।

Join WhatsApp

Join Now