छात्राओं को अधिकारों व योजनाओं की जानकारी दी
![]()
सिटी रिपोर्टर |बोकारो उपायुक्त अजय नाथ झा के निर्देश पर शुक्रवार को चास स्थित जिला रामरुद्र सीएम उत्कृष्ट विद्यालय में जिला समाज कल्याण विभाग की ओर से छात्र सशक्तिकरण एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य छात्राओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा और विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर जागरूक, आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना था। कार्यक्रम में कक्षा 9वीं से 12वीं तक की लगभग 200 छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शिविर में बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान के उद्देश्य, बालिका शिक्षा का महत्व, लैंगिक समानता, महिला अधिकार एवं सामाजिक भागीदारी पर विस्तृत जानकारी दी गई। इसके अलावा साइबर सुरक्षा पर एक विशेष सत्र आयोजित कर छात्रों को ऑनलाइन धोखाधड़ी, साइबर अपराधों की रोकथाम और डिजिटल माध्यमों के सुरक्षित और जिम्मेदार उपयोग के बारे में जागरूक किया गया। इस दौरान सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, पीएम मातृ वंदना योजना और मुख्यमंत्री कन्यादान योजना आदि की भी जानकारी दी गई, ताकि छात्राएं इन योजनाओं का लाभ अपने और अपने परिवार के लिए उठा सकें। कार्यक्रम में छात्राओं की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए प्रश्नोत्तरी, भाषण एवं निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। उत्कृष्ट विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया।
Source link
