
गिरिडीह: भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने गिरिडीह साइबर थाना में पदस्थापित सब इंस्पेक्टर (SI) पुनीत कुमार गौतम को कथित तौर पर 30 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोप है कि एक मामले की केस डायरी कोर्ट भेजने के एवज में SI ने शिकायतकर्ता से 2 लाख रुपये रिश्वत की मांग की थी। तय सौदे के तहत 30 हजार रुपये की पहली किस्त लेते ही ACB की टीम ने उसे पकड़ लिया।
जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता जीवलाल मंडल ने सब इंस्पेक्टर पुनीत कुमार गौतम के खिलाफ ACB में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि उनके छोटे बेटे को पूर्व में एक मामले में जेल भेजा गया था। इसी मामले की साइबर थाना कांड संख्या 24/26 की केस डायरी कोर्ट भेजने के नाम पर रिश्वत की मांग की जा रही थी।
शिकायत मिलने के बाद ACB ने मामले का सत्यापन कराया। आरोप सही पाए जाने के बाद टीम ने SI को रंगे हाथ पकड़ने के लिए ट्रैप की योजना तैयार की।
योजना के मुताबिक शिकायतकर्ता ने जैसे ही 30 हजार रुपये की रकम SI को दी, पहले से तैनात ACB की टीम ने कार्रवाई करते हुए पुनीत कुमार गौतम को रिश्वत की रकम के साथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद ACB की टीम आरोपी पुलिस पदाधिकारी से पूछताछ कर रही है।
बताया जा रहा है कि पुनीत कुमार गौतम 2018 बैच के सब इंस्पेक्टर हैं और वर्तमान में गिरिडीह साइबर थाना में पदस्थापित थे। ACB की कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में भी हलचल मच गई है।
फिलहाल ACB की ओर से मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। जांच के दौरान रिश्वत मांगने और लेने से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।







