{"remix_data":[],"remix_entry_point":"challenges","source_tags":[],"origin":"unknown","total_draw_time":0,"total_draw_actions":0,"layers_used":0,"brushes_used":0,"photos_added":0,"total_editor_actions":{},"tools_used":{"transform":1},"is_sticker":false,"edited_since_last_sticker_save":true,"containsFTESticker":false}
गिरिडीह: जिले के नगर थाना की पुलिस पर युवक के साथ मारपीट करने का गंभीर आरोप लगा है। आरोप है कि पेट्रोलिंग के दौरान पुलिसकर्मियों ने युवक को सड़क पर पटककर पीटा और उसकी बाइक व मोबाइल जब्त कर थाना ले गए। बाद में जब युवक अपने परिजनों के साथ बाइक लेने थाना पहुंचा, तो वहां भी उसके साथ मारपीट की गई। इस दौरान उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह थाना परिसर में ही गिर पड़ा। पुलिसकर्मी उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसे भर्ती कराया गया है।
घायल युवक की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के झगरी निवासी 25 वर्षीय लखन साव के रूप में हुई है। उसके शरीर पर कई जगह चोट के निशान बताए जा रहे हैं।
थाने में युवक के साथ कथित मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि, वायरल वीडियो की सत्यता की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
लखन साव के मुताबिक, वह ऑर्बिट होटल के पास अपने कुछ दोस्तों के साथ बातचीत कर रहा था। इसी दौरान नगर थाना की पेट्रोलिंग टीम वहां पहुंची। युवक का आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और विरोध करने पर मारपीट की।
लखन का आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने उसे सड़क पर पटककर पीटा। इसके बाद उसकी बाइक और मोबाइल जब्त कर नगर थाना ले जाया गया। इसके बाद घटना की जानकारी उसने अपने परिजनों को दी।
घटना की जानकारी मिलने के बाद लखन अपने परिजनों के साथ नगर थाना पहुंचा। उसका आरोप है कि थाना परिसर में पहुंचने के बाद वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने उसके साथ दोबारा मारपीट की।
लखन के अनुसार, इसी दौरान उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और वह थाना परिसर में ही गिर पड़ा। हालत बिगड़ने के बाद पुलिसकर्मी उसे सदर अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी स्थिति को देखते हुए अस्पताल में भर्ती कर लिया। परिजनों ने पुलिस की कार्रवाई पर नाराजगी जताई। उन्होंने वरीय पुलिस अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह ने युवक और उसके परिजनों के आरोपों से अलग घटनाक्रम बताया है। थाना प्रभारी के अनुसार, जिस स्थान पर युवक और उसके साथी मौजूद थे, वहां अक्सर कुछ लोग जुटकर नशे का सेवन करते हैं। पेट्रोलिंग पुलिस के पहुंचते ही वहां मौजूद लोग भागने लगे। इसी दौरान युवक की बाइक और मोबाइल मौके पर छूट गए, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर थाना लाया। थाना प्रभारी का दावा है कि बाद में युवक अपने साथियों और परिजनों के साथ थाना पहुंचा और वहां हंगामा करने लगा।
पुलिस के अनुसार, युवक खुद भी डेंड्राइट के नशे में था और थाना परिसर में गाली-गलौज करते हुए आपत्तिजनक बातें कर रहा था। पुलिस ने युवक के साथ मारपीट के आरोप से इनकार किया है।
फिलहाल युवक का सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है। मामले में दोनों पक्षों के अलग-अलग दावों के बीच पुलिस कार्रवाई और घटना की वास्तविक स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।





