
यूपी: हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की हत्या के मामले में जांच के बीच सोशल मीडिया पर सामने आए एक पोस्ट ने पुलिस की चिंता बढ़ा दी है। हरियाणा के कुख्यात गोगी गैंग से जुड़े एक इंस्टाग्राम अकाउंट से हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है। इतना ही नहीं, पोस्ट के जरिए पुलिस और विरोधी गुट को आगे भी वारदात करने की धमकी दी गई है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस पोस्ट में दावा किया गया है कि अंकित बालियान विरोधी गुट के संपर्क में था। पोस्ट में यह भी आरोप लगाया गया कि उसने गोगी गैंग से जुड़ी एक पुरानी घटना को लेकर गाना बनाया था। इसी को हत्या की वजह से जोड़कर देखा जा रहा है। पोस्ट के अंत में गैंग की ओर से कथित तौर पर चेतावनी देते हुए कहा गया कि “यह तो अभी शुरुआत है, सबका नंबर आएगा।”
जिम से निकलते ही बरसाई गई थीं गोलियां
दरअसल, बुधवार को शामली की सदर कोतवाली क्षेत्र के नालापटरी आर्यपुरी इलाके में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब जिम से बाहर निकल रहे अंकित बालियान पर बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। हमले में सिंगर की मौत हो गई। वारदात के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया।
हत्या की खबर मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क पर जाम लगा दिया। पुलिस अधिकारियों ने निष्पक्ष जांच और जल्द गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।
गैंगवार के एंगल से जांच तेज
अब गोगी गैंग से जुड़े सोशल मीडिया अकाउंट से सामने आए कथित कबूलनामे के बाद पुलिस की जांच का दायरा और बढ़ गया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि पोस्ट वास्तव में गैंग से जुड़े लोगों ने ही किया है या किसी ने फर्जी अकाउंट के जरिए पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की है।
यूपी पुलिस की विशेष टीमें और एसटीएफ पोस्ट की तकनीकी जांच कर रही हैं। साथ ही अंकित बालियान के संपर्कों, हालिया गतिविधियों और संभावित विवादों को भी खंगाला जा रहा है। पुलिस का फोकस हमलावरों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने पर है।
सोशल मीडिया पर सामने आए इस दावे की आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।





