
राँची: झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष श्री ज्योति सिंह मथारू जी के द्वारा झारखंड के बौद्ध समाज के प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक परिसदन, राँची में आहूत की गई। बैठक में झारखंड के विभिन्न जिलों से बौद्ध समाज के पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित हुए।
बैठक में बौद्ध समाज के प्रतिनिधियों ने आयोग के समक्ष अपनी विभिन्न समस्याओं एवं मांगों को विस्तारपूर्वक रखा। प्रमुख रूप से इटखोरी में बौद्ध सर्किट का निर्माण, झारखंड के सभी जिलों में बौद्ध विहार का निर्माण, बौद्ध समाज के लिए राज्यस्तरीय संगठन का गठन, बौद्ध विद्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थानों को अल्पसंख्यक दर्जा दिलाना, शैक्षणिक संस्थानों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराना, छात्रावासों का निर्माण, सभी विश्वविद्यालयों में पाली भाषा की पढ़ाई शुरू कराना, बौद्ध संस्थानों एवं धार्मिक स्थलों का संरक्षण तथा बौद्ध विहारों के निर्माण के लिए भूमि का आवंटन सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर गंभीरतापूर्वक विचार-विमर्श किया गया।
झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष श्री ज्योति सिंह मथारू जी ने बौद्ध समाज के प्रतिनिधियों की सभी समस्याओं एवं मांगों को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना। उन्होंने आश्वासन दिया कि बौद्ध समाज की समस्याओं के समाधान के लिए आयोग की ओर से हर आवश्यक कदम उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि समाज की जायज मांगों एवं समस्याओं को सरकार के समक्ष भी प्रमुखता से रखा जाएगा तथा उनके निवारण के लिए आवश्यक पहल की जाएगी।
बैठक के दौरान बौद्ध समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि इतने वर्षों में पहली बार किसी ने बौद्ध समाज की समस्याओं की सुध लेते हुए उन्हें गंभीरता से सुना और उनके समाधान के लिए पहल करने का आश्वासन दिया है। प्रतिनिधियों ने श्री ज्योति सिंह मथारू जी के प्रयासों की सराहना करते हुए उनका हृदय से आभार व्यक्त किया।
बौद्ध समाज के सभी पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि आयोग के उपाध्यक्ष श्री ज्योति सिंह मथारू जी की पहल से बौद्ध समाज की वर्षों से लंबित समस्याओं के समाधान की दिशा में ठोस एवं सकारात्मक कदम उठाए जाएंगे।




