
Gold Silver Price Today: सोने और चांदी की कीमतों में लगातार दूसरे दिन गिरावट देखने को मिल रहा है। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के मुताबिक, 24 कैरेट सोने के भाव में आज 1,855 रुपये प्रति 10 ग्राम की कमी आई। इसके साथ ही सोने का भाव करीब 1.51 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया है। वहीं, चांदी भी 2,059 रुपये प्रति किलोग्राम सस्ती हुई और इसका भाव करीब 2.28 लाख रुपये प्रति किलो पहुंच गया।
इससे पहले मंगलवार को भी सोने और चांदी की कीमतों में जोरदार गिरावट दर्ज की गई थी। मंगलवार को सोना 2,652 रुपये और चांदी 6,780 रुपये प्रति किलो सस्ती हुई थी। यानी महज दो दिनों में सोने की कीमत करीब 4,500 रुपये और चांदी करीब 9,000 रुपये टूट चुकी है।
कीमती धातुओं में इस गिरावट के पीछे घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों स्तर के कई कारण बताए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से गैर-जरूरी सोने की खरीदारी से बचने की अपील के बाद सोने की कीमत पर दबाव देखने को मिल रहा है। इसके अलावा कच्चे तेल की कीमतों में तेजी, अमेरिकी डॉलर की मजबूती और बॉन्ड यील्ड बढ़ने के कारण भी सोने और चांदी में गिरावट आई है।





