{"remix_data":[],"remix_entry_point":"challenges","source_tags":[],"origin":"unknown","total_draw_time":0,"total_draw_actions":0,"layers_used":0,"brushes_used":0,"photos_added":0,"total_editor_actions":{},"tools_used":{"transform":1},"is_sticker":false,"edited_since_last_sticker_save":true,"containsFTESticker":false}
कानपुर: उत्तरप्रदेश के कानपुर में अनवरगंज थाना क्षेत्र स्थित आलम मार्केट में रविवार को कपड़ों के एक अनोखे ऑफर को लेकर जमकर हंगामा हो गया। कपड़ा व्यापारी रईस आलम ने अपने जन्मदिन के मौके पर ग्राहकों के लिए 16 मिनट तक महज 16 रुपये में कपड़े खरीदने का ऑफर सोशल मीडिया पर प्रचारित किया था। ऑफर की जानकारी फैलते ही शनिवार देर रात से ही बड़ी संख्या में लोग दुकान के बाहर पहुंचने लगे। कुछ ही देर में भीड़ इतनी बढ़ गई कि सड़क और चौराहे पर यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई।
जानकारी के मुताबिक, रईस आलम का जन्मदिन 16 अगस्त को है। इसी अवसर पर उनकी आलम्स मार्ट दुकान की ओर से फेसबुक, इंस्टाग्राम समेत अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर विशेष ऑफर का प्रचार किया गया। पोस्ट में बताया गया था कि स्वतंत्रता दिवस की रात 11:59 बजे के बाद लगातार 16 मिनट तक कपड़े महज 16 रुपये प्रति पीस की कीमत पर उपलब्ध रहेंगे।
ऑफर की खबर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुई और लोग रात में ही दुकान के बाहर पहुंचने लगे। देखते ही देखते आलम मार्केट के आसपास लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। भीड़ बढ़ने के कारण सड़क पर जाम की स्थिति पैदा हो गई और यातायात भी प्रभावित होने लगा।
स्थिति की जानकारी मिलने पर एसीपी अनवरगंज मंजय सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने लोगों को समझाकर वहां से हटाने और यातायात सामान्य कराने का प्रयास किया, लेकिन भीड़ काफी देर तक मौके से हटने को तैयार नहीं हुई। इस दौरान दुकान संचालक ने भी दुकान बंद कर दी, जिसके बाद वहां मौजूद लोगों में नाराजगी बढ़ गई और हंगामा शुरू हो गया।
हालात बिगड़ते देख पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए हल्का बल प्रयोग किया। पुलिस द्वारा लाठियां पटककर भीड़ को पीछे हटाने के दौरान भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। लोग इधर-उधर भागने लगे और कई लोग एक-दूसरे के ऊपर गिर पड़े। इस दौरान कुछ लोगों के चोटिल होने की सूचना है।
मामले में थाना अनवरगंज पुलिस ने मोहम्मद आलम, रईश आलम और सलमान आलम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। साथ ही सोशल मीडिया पर प्रसारित किए गए ऑफर और उसके बाद जुटी भीड़ को लेकर भी जानकारी जुटाई जा रही है।
फिलहाल घटना के बाद पुलिस ने क्षेत्र में स्थिति को नियंत्रित कर लिया है। 16 रुपये में कपड़े मिलने के ऑफर की खबर जिस तेजी से लोगों के बीच पहुंची, उसने देखते ही देखते पूरे आलम मार्केट को भीड़ में तब्दील कर दिया और यातायात व्यवस्था से लेकर कानून-व्यवस्था तक चुनौती खड़ी कर दी।






