रांची: राजधानी रांची के डोरंडा इलाके से एक सनसनीखेज हिट एंड रन की घटना सामने आई है। मंगलवार दोपहर भीड़भाड़ वाले इलाके में एक लग्जरी Mercedes-Benz कार ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद मदद करने के बजाय चालक मौके से फरार होने लगा।
हैरान करने वाली बात यह रही कि अपनी जान बचाने के लिए युवक कार की बोनट पर ही लटक गया। इसी दौरान उसने पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वीडियो में दिखा खौफनाक मंजर
सामने आए वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि युवक लगातार कार रोकने की गुहार लगाता रहा, लेकिन चालक ने एक बार भी ब्रेक नहीं लगाया। युवक को बोनट पर लटकाए हुए चालक तेज रफ्तार में सड़कों पर कार दौड़ाता रहा। दोपहर के वक्त जब सड़कों पर आम लोगों की आवाजाही ज्यादा थी, तब इस दृश्य को देखकर इलाके में अफरातफरी मच गई।
होमगार्ड जवानों को भी कुचलने की कोशिश का आरोप
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना के दौरान डोरंडा इलाके में तैनात होमगार्ड के जवानों ने जब तेज रफ्तार कार को युवक के साथ जाते देखा तो उसे रोकने की कोशिश की। आरोप है कि चालक ने जवानों को भी कुचलने का प्रयास किया और बिना रुके वहां से निकल गया।
घर तक ले जाकर की गई मारपीट का आरोप
पीड़ित युवक का आरोप है कि कार चालक उसे बोनट पर लटकाए हुए अपने घर तक ले गया, जहां उसके साथ मारपीट भी की गई। युवक ने पुलिस को बताया कि वह अपने भाई को परीक्षा केंद्र छोड़कर वापस घर लौट रहा था, तभी यह हादसा हुआ।
पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और कार सवार के घर पहुंचकर युवक को मुक्त कराया। मौके से लग्जरी कार को जब्त कर लिया गया है, जबकि चालक को हिरासत में लेकर डोरंडा थाने लाया गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, कार चालक की पहचान पेशे से वकील मनोज टंडन के रूप में हुई है।
घटना के बाद डोरंडा थाने में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जमा हो गए। वहीं, वकीलों का एक समूह भी थाने पहुंचा हुआ है। पुलिस ने बताया कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
दिनदहाड़े हुई इस घटना ने शहर की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।














