July 26, 2026

नक्सलियों की हिट लिस्ट में NCP विधायक कमलेश सिंह, गृह मंत्रालय ने मुहैया कराई सुरक्षा

Picsart_23-11-28_08-43-42-412.jpg

झारखंड वार्ता

पलामू:- एनसीपी के प्रदेश अध्यक्ष, पूर्व मंत्री सह पलामू के हुसैनाबाद से विधायक कमलेश कुमार सिंह को सीआरपीएफ की सुरक्षा मिल गई है। गृह मंत्रालय के निर्देश पर कमलेश सिंह की सुरक्षा में सीआरपीएफ के जवानों को तैनात किया गया है। गृह मंत्रालय ने कमलेश सिंह को ‘एक्स’ श्रेणी की सुरक्षा मुहैया कराई है।

दरअसल, गृह मंत्रालय और सीआरपीएफ की एक टीम शनिवार को पलामू पहुंची थी। इस दौरान कमलेश कुमार सिंह की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गयी। टीम ने पलामू पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर जानकारी ली।

कमलेश सिंह पलामू के हुसैनाबाद से विधायक हैं। वह राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (अजित पवार गुट) के प्रदेश अध्यक्ष भी हैं। कुछ दिन पहले ही कमलेश सिंह ने झारखंड की यूपीए सरकार से अपना समर्थन वापस ले लिया था। इसके बाद राज्य सरकार ने कमलेश कुमार सिंह की सुरक्षा व्यवस्था वापस ले ली थी। इस मामले में कमलेश कुमार सिंह ने केंद्रीय गृह मंत्रालय को पत्र लिखा था, जिसके बाद उन्हें ‘एक्स’ श्रेणी की सुरक्षा व्यवस्था मुहैया करायी गयी है।

राज्य सरकार पर साधा निशाना

पूर्व मंत्री कमलेश कुमार सिंह ने कहा कि हमारा परिवार नक्सलियों की हिट लिस्ट में है, सुरक्षा देना राज्य सरकार की जिम्मेदारी थी। लेकिन केंद्र सरकार ने उन्हें सुरक्षा दे दी है। उन्होंने कहा कि राजनीति होनी चाहिए, लेकिन किसी की जान की कीमत पर राजनीति नहीं की जानी चाहिए। 2006 में नक्सलियों ने उनका घर उड़ा दिया और उनके भाई की कई संपत्तियों को भी नुकसान पहुंचाया। कई बार उन्हें धमकी भरे पत्र भी दिए गए।

ख़बर को शेयर करें।

You may have missed