
घाटशिला: झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले के घाटशिला में एक कलयुगी बेटे ने अपनी ही मां को मार डाला। काशिदा न्यू कॉलोनी के रोड नंबर-4 में एक बेटे पर अपनी मां की बांस से पीटकर हत्या करने का आरोप है। पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद आरोपी तीन दिनों तक घर में शव के साथ रहा और खुद बाहर जाकर खाना खाता रहा। सोमवार देर रात घर से तेज दुर्गंध फैलने के बाद घटना का खुलासा हुआ।
मृतका की पहचान 56 वर्षीय उमा गोस्वामी के रूप में हुई है। वह अनुमंडल अस्पताल में चतुर्थवर्गीय कर्मचारी थीं। पुलिस ने उनके बेटे गोवर्धन गोस्वामी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
कमरे में बाहर से लगी थी कुंडी, अंदर पड़ा था शव
सोमवार रात करीब 10 बजे काशिदा न्यू कॉलोनी में अचानक एक घर से तेज दुर्गंध आने लगी। आसपास के लोगों को शक हुआ तो उन्होंने पास में रहने वाली गोवर्धन की शादीशुदा बहन को इसकी सूचना दी। बहन के पहुंचने के बाद पुलिस को मामले की जानकारी दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। काशिदा मुखिया और स्थानीय ग्रामीणों की मौजूदगी में पुलिस ने घर की तलाशी ली। इस दौरान एक कमरे के दरवाजे पर बाहर से कुंडी लगी मिली। पुलिस ने कुंडी खोलकर कमरे में प्रवेश किया तो अंदर उमा गोस्वामी का शव मुंह के बल पड़ा था। शव से तेज दुर्गंध आ रही थी।
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।
पूछताछ में बेटे ने बांस से वार करने की बात बताई
पुलिस ने गोवर्धन को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान उसने इशारे में घटना की जानकारी दी और घर में रखे बांस के एक टुकड़े की ओर संकेत किया। पुलिस के मुताबिक, गोवर्धन ने बताया कि गुस्से में उसने इसी बांस से अपनी मां के सिर पर वार किया था।
आरोपी ने पुलिस को यह भी बताया कि वारदात के बाद उसने कमरे को बंद कर दिया था। इसके बाद वह बाहर जाकर खाना खाता रहा और घर लौटता रहा। हालांकि, उसने अपनी मां की हत्या करने की वजह के बारे में पुलिस को फिलहाल कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी है।
हत्या की वजह अब तक स्पष्ट नहीं
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शव करीब दो-तीन दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। हत्या की वास्तविक वजह क्या थी, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण और चोटों की प्रकृति को लेकर स्थिति और स्पष्ट होगी।
फिलहाल पुलिस आरोपी बेटे से पूछताछ कर रही है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।







