सोनितपुर: असम के सोनितपुर जिला से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। रविवार देर रात ढेकियाजुली थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-15 पर एंबुलेंस और ट्रक के बीच आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई। इस हादसे में मरीज समेत 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 2 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार, एंबुलेंस एक मरीज को उसके परिजनों के साथ इलाज के लिए तेजपुर चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (TMCH) ले जा रही थी। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एंबुलेंस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के तुरंत बाद ही छह लोगों ने घटनास्थल पर दम तोड़ दिया। मृतकों में मरीज, उसके परिजन और एंबुलेंस कर्मियों शामिल हैं।
वहीं, इस दुर्घटना में घायल हुए दो लोगों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तुरंत तेजपुर स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और आपातकालीन सेवाओं की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों में फंसे लोगों को निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। हादसे के कारण कुछ समय के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात बाधित रहा, जिसे बाद में बहाल कर दिया गया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। शुरुआती तौर पर तेज रफ्तार को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए मामले की गहन जांच का आश्वासन दिया है।











