कर्नाटक: बेंगलुरु ग्रामीण जिले के होसकोटे के बाहरी इलाके में शुक्रवार सुबह भीषण सड़क हादसे में 7 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। यह दुर्घटना होसकोटे–दबासपेटे नेशनल हाईवे पर एम. सत्यवारा गांव के पास हुई, जहां दो कार, बाइक और कैंटर आपस में टकरा गए।
कैसे हुआ हादसा
पुलिस के मुताबिक, होसकोटे से देवनहल्ली की ओर तेज रफ्तार से जा रही एक कार ने सबसे पहले सामने चल रही बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार सीधे सामने से आ रहे कैंटर से जा भिड़ी। इसके बाद एक और कार दुर्घनाग्रस्त वाहनों से जा भिड़ी, जिससे हादसा और भयावह हो गया।
मौके पर ही 7 की मौत
इस भीषण टक्कर में कार सवार 6 लोगों और बाइक चला रहे युवक की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर के बाद वाहनों के परखच्चे उड़ गए और घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची।
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए
पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर होसकोटे के सरकारी अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतकों में से 6 लोग कोथनूर के रहने वाले बताए जा रहे हैं, हालांकि उनकी आधिकारिक पहचान की पुष्टि की प्रक्रिया जारी है। परिजनों को सूचना दी जा रही है।
ओवरस्पीडिंग बनी हादसे की वजह
प्राथमिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार बताया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच की जा रही है। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए लंबा जाम लग गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल कराया।














