धनबाद: झारखंड के धनबाद जिले में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दुर्घटना गोविंदपुर थाना क्षेत्र के गहरा मोड़ के पास हुई, जहां एक तेज रफ्तार स्विफ्ट कार और ऑटो के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्विफ्ट कार काफी तेज गति से आ रही थी। इसी दौरान सामने से आ रहे ऑटो से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो में सवार दो महिलाओं की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान मुर्गाबानी निवासी वंदना और फूलमती देवी के रूप में की गई है।
हादसे में ऑटो में सवार अन्य तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को इलाज के लिए धनबाद स्थित शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल भेजा गया। अस्पताल में सभी घायलों का इलाज जारी है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस ने दोनों महिलाओं के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को भी जब्त कर लिया गया है।
गोविंदपुर थाना पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया हादसे की वजह तेज रफ्तार और नियंत्रण खोना माना जा रहा है। हालांकि, पूरे मामले की जांच की जा रही है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।














