रांची: राजधानी रांची के बीआईटी थाना क्षेत्र में बीती रात अपराधियों ने एक के बाद एक दो पेट्रोल पंपों पर धावा बोलकर सनसनी फैला दी। हथियारबंद बदमाशों ने सुनसान समय का फायदा उठाते हुए दोनों जगह लूट की वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, करीब आधा दर्जन अपराधी बाइक और कार से पहुंचे थे। सबसे पहले उन्होंने एक पेट्रोल पंप को निशाना बनाया, जहां कर्मचारियों को डराकर कैश काउंटर से दो लाख रुपये से अधिक की रकम लूट ली। इसके बाद उसी इलाके के दूसरे पेट्रोल पंप पर भी हमला किया, लेकिन वहां उन्हें ज्यादा नकदी नहीं मिल सकी और वे करीब दो हजार रुपये लेकर ही भाग निकले।
घटना के दौरान अपराधियों ने पेट्रोल पंप कर्मियों को हथियार दिखाकर धमकाया। कर्मचारियों का कहना है कि बदमाश अचानक पहुंचे और जान से मारने की धमकी देते हुए पैसे छीन लिए। पूरी वारदात कुछ ही मिनटों में अंजाम देकर अपराधी फरार हो गए।
सूचना मिलते ही बीआईटी ओपी प्रभारी अजय कुमार दास पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने दोनों पेट्रोल पंपों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जब्त कर ली है और आरोपियों की पहचान के प्रयास तेज कर दिए हैं।
पुलिस का दावा है कि तकनीकी साक्ष्यों और फुटेज के आधार पर जल्द ही अपराधियों को चिन्हित कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल इस घटना के बाद इलाके के पेट्रोल पंप कर्मियों और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है।














