IND vs PAK: कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए ग्रुप-ए के हाईवोल्टेज मुकाबले में टीम इंडिया ने पाकिस्तान पर एकतरफा दबदबा बनाते हुए ऐतिहासिक जीत दर्ज की। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 175 रन बनाए, जबकि जवाब में पाकिस्तानी टीम 18 ओवर में 114 रन पर ऑलआउट हो गई। इस तरह भारत ने यह मैच 61 रन से अपने नाम किया, जो टूर्नामेंट के इतिहास में रनों के लिहाज़ से पाकिस्तान के खिलाफ उसकी सबसे बड़ी जीत है।
ईशान किशन का तूफानी अर्धशतक
भारतीय पारी की नींव ईशान किशन ने रखी। उन्होंने महज़ 40 गेंदों में 77 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 10 चौके और 3 छक्के शामिल थे। उनकी आक्रामक बल्लेबाज़ी के दम पर भारत ने तेज़ रन गति बनाए रखी। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 32 रनों का उपयोगी योगदान दिया। पाकिस्तान की ओर से सईम अयूब ने शानदार गेंदबाज़ी करते हुए 3 विकेट झटके, सलमान आगा शाहिन अफरीदी और उस्मान तारिक को एक-एक सफलता मिली।
भारतीय गेंदबाज़ों का कहर
175 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तानी टीम शुरुआत से ही दबाव में दिखी। भारतीय गेंदबाज़ों ने सटीक लाइन-लेंथ और अनुशासित गेंदबाज़ी से पाकिस्तान की बल्लेबाज़ी की कमर तोड़ दी। जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती और हार्दिक पंड्या ने 2-2 विकेट चटकाए। पाकिस्तान की ओर से उस्मान खान ने सर्वाधिक 44 रन बनाए, लेकिन उन्हें किसी और बल्लेबाज़ का पर्याप्त साथ नहीं मिला।
सुपर-8 में भारत की धमाकेदार एंट्री
इस जीत के साथ ही भारतीय क्रिकेट टीम ने सुपर-8 चरण के लिए क्वालीफाई कर लिया है। भारत लगातार तीन जीत के साथ ग्रुप-ए की पॉइंट्स टेबल में शीर्ष पर बना हुआ है।
मैच के दौरान एक बार फिर दोनों टीमों के कप्तानों के बीच हाथ नहीं मिलाए गए। इससे पहले भी पिछले साल एशिया कप के दौरान भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तान के खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाया था। यह फैसला पहलगाम में हुए आतंकी हमले के विरोध के तौर पर लिया गया था।














