
India Post GDS Recruitment 2026: सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे 10वीं पास युवाओं के लिए डाक विभाग ने बड़ी भर्ती का ऐलान किया है। भारत सरकार के संचार मंत्रालय के अधीन डाक विभाग ने ग्रामीण डाक सेवक (GDS) भर्ती 2026 की अधिसूचना जारी कर दी है। इस भर्ती अभियान के तहत देशभर के विभिन्न डाकघरों में ब्रांच पोस्टमास्टर (BPM), असिस्टेंट ब्रांच पोस्टमास्टर (ABPM) और डाक सेवक के पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। भर्ती में 25 हजार से अधिक पद शामिल हैं।
कब से शुरू होगी आवेदन प्रक्रिया?
GDS भर्ती 2026 के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया 31 अगस्त 2026 से शुरू होगी। वहीं, ऑनलाइन आवेदन 2 सितंबर 2026 से स्वीकार किए जाएंगे। इच्छुक उम्मीदवार 19 सितंबर 2026 तक आवेदन कर सकेंगे। योग्य उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाईट www.indiapost.gov.in के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे।
अभ्यर्थियों को सलाह है कि आवेदन करने से पहले भर्ती की अधिसूचना में दिए गए पद, पात्रता, स्थानीय भाषा, दस्तावेज और अन्य नियमों को अच्छी तरह पढ़ लें।
शैक्षणिक योग्यता
इस भर्ती के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 10वीं कक्षा उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। इसके साथ ही 10वीं में गणित और अंग्रेजी विषय में पास होना भी जरूरी है।
इसके अलावा उम्मीदवार ने 10वीं कक्षा तक संबंधित पद के लिए निर्धारित स्थानीय भाषा की पढ़ाई की होनी चाहिए। यानी केवल 10वीं पास होना इस भर्ती में आवेदन के लिए पर्याप्त नहीं है। उम्मीदवार को गणित, अंग्रेजी और संबंधित स्थानीय भाषा से जुड़ी निर्धारित शैक्षणिक शर्तें भी पूरी करनी होंगी।
आयु सीमा
न्यूनतम : 18 साल
अधिकतम : 40 साल
एससी, एसटी : 5 साल की छूट
ओबीसी : 3 साल की छूट
पीडब्ल्यूबीडी : 10 साल की छूट
आवेदन शुल्क
GDS भर्ती के लिए सामान्य रूप से 100 रुपये आवेदन शुल्क निर्धारित किया गया है। हालांकि SC, ST, दिव्यांगजन (PwBD), महिला और ट्रांसजेंडर उम्मीदवारों को आवेदन शुल्क से छूट दी गई है।
इन पात्र श्रेणियों के अभ्यर्थी बिना शुल्क भुगतान के अपनी आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे।
वेतनमान
GDS पदों पर चयनित उम्मीदवारों को नियमित सरकारी वेतनमान के बजाय TRCA यानी Time Related Continuity Allowance दिया जाता है।
ब्रांच पोस्टमास्टर (BPM): 12,000 रुपये से 29,380 रुपये तक TRCA
असिस्टेंट ब्रांच पोस्टमास्टर (ABPM): 10,000 रुपये से 24,470 रुपये तक TRCA
डाक सेवक: 10,000 रुपये से 24,470 रुपये तक TRCA
इन पदों पर कार्य की अवधि भी निर्धारित है। चयनित उम्मीदवारों को सामान्य तौर पर प्रतिदिन न्यूनतम चार और अधिकतम पांच घंटे काम करना होता है।
आवेदन के लिए किन दस्तावेजों की जरूरत होगी?
ऑनलाइन फॉर्म भरते समय उम्मीदवारों को अपने आवश्यक दस्तावेज तैयार रखने चाहिए। इनमें मुख्य रूप से ये दस्तावेज शामिल हैं:
• 10वीं कक्षा की मार्कशीट
• पहचान पत्र
• जाति प्रमाण पत्र (जहां लागू हो)
• PwBD प्रमाण पत्र (जहां लागू हो)
• EWS प्रमाण पत्र (जहां लागू हो)
• जन्मतिथि का प्रमाण
• सरकारी अस्पताल या औषधालय से जारी चिकित्सा प्रमाण पत्र
• स्थानीय/जनजातीय भाषा से संबंधित प्रमाण पत्र, जहां लागू हो
आवेदन करते समय अभ्यर्थी यह जरूर सुनिश्चित करें कि दस्तावेजों में दर्ज नाम, जन्मतिथि और अन्य महत्वपूर्ण जानकारी आवेदन फॉर्म में भरी गई जानकारी से मेल खाती हो।
चयन प्रक्रिया
इस भर्ती में उम्मीदवारों को किसी लिखित परीक्षा या इंटरव्यू से नहीं गुजरना होता। 10वीं कक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार मेरिट लिस्ट से किया जाता है। इस भर्ती में उम्मीदवारों के चयन के बाद दस्तावेजों का भौतिक सत्यापन कराया जाएगा। चयनित अभ्यर्थियों को सत्यापन के संबंध में SMS या ईमेल के माध्यम से सूचना दी जाएगी।
सूचना मिलने के बाद उम्मीदवार को 15 दिनों के भीतर निर्धारित स्थान पर पहुंचकर अपने दस्तावेजों का भौतिक सत्यापन कराना होगा। दस्तावेज सही पाए जाने के बाद सिस्टम के माध्यम से उम्मीदवार को अनंतिम अनुबंध का प्रस्ताव जारी किया जाएगा। इसके बाद नियुक्ति से पहले की निर्धारित प्रक्रियाएं पूरी की जाएंगी।
कैसे करें ऑनलाइन आवेदन?
GDS भर्ती 2026 में आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को पहले आधिकारिक भर्ती पोर्टल www.indiapost.gov.in पर जाना होगा। इसके बाद मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी की मदद से One Time Registration (OTR) पूरा करना होगा।
OTR पूरा होने के बाद प्राप्त रजिस्ट्रेशन नंबर और पासवर्ड के माध्यम से लॉगिन करना होगा। इसके बाद आवेदन फॉर्म में व्यक्तिगत जानकारी और 10वीं कक्षा से जुड़ी आवश्यक जानकारी भरनी होगी।
इसके बाद उम्मीदवार को अपनी पसंद के डाक विभाग/पद का चयन करना होगा। आवेदन के दौरान निर्धारित प्रारूप और साइज में फोटो एवं हस्ताक्षर भी अपलोड करने होंगे।
फोटो और हस्ताक्षर की साइज
फोटो: JPG/JPEG फॉर्मेट में 30 से 100 KB
हस्ताक्षर: JPG/JPEG फॉर्मेट में 20 से 100 KB
फॉर्म भरने के बाद उम्मीदवार को सभी जानकारियों की अच्छी तरह जांच करनी चाहिए। यदि किसी विवरण में गलती है तो आवेदन सबमिट करने से पहले उसे सुधार लें। जिन उम्मीदवारों पर आवेदन शुल्क लागू है, उन्हें निर्धारित शुल्क का भुगतान करना होगा। इसके बाद आवेदन फॉर्म अंतिम रूप से सबमिट किया जा सकेगा।
आवेदन से पहले इन बातों का रखें ध्यान
GDS भर्ती में आवेदन करते समय उम्मीदवार जल्दबाजी न करें। खासकर 10वीं की मार्कशीट, स्थानीय भाषा, जन्मतिथि और व्यक्तिगत विवरण से संबंधित जानकारी बिल्कुल सही भरें। आवेदन सबमिट होने के बाद गलत जानकारी के कारण candidature प्रभावित हो सकती है।
31 अगस्त से OTR और 2 सितंबर 2026 से आवेदन शुरू होने के बाद अभ्यर्थियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन पूरा करना होगा। भर्ती से जुड़ी अंतिम तिथि, राज्यवार पदों, स्थानीय भाषा और अन्य शर्तों की जानकारी के लिए उम्मीदवारों को आधिकारिक अधिसूचना जरूर देखनी चाहिए।







