IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 19वें सीजन का रोमांच आज से शुरू होने जा रहा है। उद्घाटन मुकाबले में डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) का सामना सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) से होगा। यह मुकाबला बेंगलुरु के प्रसिद्ध एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा। मैच शाम 7:30 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस 7:00 बजे होगा।
RCB पहली बार बनी थी चैंपियन
पिछले सीजन में RCB ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में पंजाब किंग्स को हराकर अपना पहला आईपीएल खिताब जीता था। इस ऐतिहासिक जीत के बाद टीम इस बार अपने खिताब का बचाव करने के इरादे से मैदान में उतरेगी।
SRH की नजर मजबूत वापसी पर
वहीं, सनराइजर्स हैदराबाद का पिछला सीजन निराशाजनक रहा था और टीम प्लेऑफ तक नहीं पहुंच सकी थी। इस बार टीम नए संयोजन और रणनीति के साथ बेहतर प्रदर्शन करना चाहेगी। SRH का अब तक का एकमात्र खिताब 2016 में आया था। टीम के नियमित कप्तान पैट कमिंस चोट के कारण इस मैच में उपलब्ध नहीं हैं, ऐसे में टीम की कमान ईशान किशन को सौंपी गई है।
हेड-टू-हेड में SRH का पलड़ा भारी
दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 25 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें SRH ने 13 मैचों में जीत दर्ज की है, जबकि RCB 11 मुकाबले जीत सकी है। एक मैच टाई रहा था, जिसे SRH ने सुपर ओवर में अपने नाम किया था। बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में दोनों टीमों का 8 बार आमना-सामना हुआ है, जिसमें RCB ने 5 और SRH ने 3 मैच जीते हैं।
पिच रिपोर्ट
चिन्नास्वामी स्टेडियम की पिच पर आमतौर पर बल्लेबाजों का दबदबा रहता है। छोटी बाउंड्री और तेज आउटफील्ड के कारण यहां बड़े स्कोर देखने को मिलते हैं। गेंदबाजों के लिए यह मैदान चुनौतीपूर्ण रहता है। ऐसे में टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी करना पसंद कर सकती है, क्योंकि यहां लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम को अधिक सफलता मिलती है।
कहां देखें लाइव मैच
आईपीएल 2026 के सभी मैचों का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा। वहीं, लाइव स्ट्रीमिंग जियोहॉटस्टार ऐप और वेबसाइट पर उपलब्ध होगी।
संभावित प्लेइंग 11
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB): विराट कोहली, फिल सॉल्ट, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), टिम डेविड, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), रोमारियो शेफर्ड, क्रुणाल पांड्या, जैकब डफी, मंगेश यादव, भुवनेश्वर कुमार।
सनराइजर्स हैदराबाद (SRH): अभिषेक शर्मा, ट्रेविस हेड, ईशान किशन (कप्तान), हेनरिक क्लासेन (विकेटकीपर), अनिकेत वर्मा, लियाम लिविंगस्टोन, नीतीश कुमार रेड्डी, हर्ष दुबे, हर्षल पटेल, जयदेव उनादकट, ब्रायडन कार्स।














