रांची

रांची में दिनदहाड़े लूट, जेवर दुकान को बनाया निशाना, लाखों की ज्वेलरी लेकर फरार

झारखंड वार्ता न्यूज

रांचीः राजधानी रांची में दिनदहाड़े एक जेवर दुकान को अपराधियों ने लूट लिया है. पंडरा थाना क्षेत्र के बाजरा में अपराधियों ने दुस्साहस दिखाते हुए इस कांड को अंजाम दिया है.

पंचवटी ज्वेलर्स में लूट

मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार की दोपहर तीन की संख्या में हथियारबंद अपराधी अचानक पंचवटी ज्वेलर्स पहुंचे और दुकानदार को अपने कब्जे में लेकर लाखों के गहने लूट कर फरार हो गए. तीनों अपराधी हथियार से लैस थे. अपराधियों ने दुकान के मालिक को अपने कब्जे में लिया और दुकान में जो भी गहने नजर आए उसे लूट कर फरार हो गए. जेवर दुकानदार के अनुसार लाखों के गहनों की लूट हुई है, स्टॉक मिलाने के बाद ही कितना जेवर अपराधी ले गए यह पता चल पाएगा.

जांच में जुटी पुलिस

पंडरा थाना प्रभारी रामेश्वर उपाध्याय ने बताया कि वह गवाही देने के लिए राजधानी से बाहर आए हुए हैं, लूट की सूचना मिली है जिसके बाद पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है. पंचवटी जेवलर्स दुकान में तीन की संख्या में आए अपराधियों के द्वारा लूट की वारदात को अंजाम दिया गया है.

शहर की नाकेबंदी कर चेकिंग शुरू

जेवर दुकान में लूट की सूचना मिलते ही पूरे शहर में सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया गया है. जेवर दुकानदार ने बताया है कि तीनों अपराधी एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर फरार हुए हैं. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने की कोशिश कर रही है.

ख़बर को शेयर करें।
Avatar photo

Satyam Jaiswal

सत्यम जायसवाल एक भारतीय पत्रकार हैं, जो झारखंड राज्य के रांची शहर में स्थित "झारखंड वार्ता" नामक मीडिया कंपनी के मालिक हैं। उनके पास प्रबंधन, सार्वजनिक बोलचाल, और कंटेंट क्रिएशन में लगभक एक दशक का अनुभव है। उन्होंने एपीजे इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से शिक्षा प्राप्त की है और विभिन्न कंपनियों के लिए वीडियो प्रोड्यूसर, एडिटर, और डायरेक्टर के रूप में कार्य किया है। जिसके बाद उन्होंने झारखंड वार्ता की शुरुआत की थी। "झारखंड वार्ता" झारखंड राज्य से संबंधित समाचार और जानकारी प्रदान करती है, जो राज्य के नागरिकों के लिए महत्वपूर्ण है।