---Advertisement---

झारखंड: ओझा निकला शैतान, नाबालिग लड़की को बनाया हवस का शिकार; गिरफ्तार

On: March 3, 2026 7:25 AM
---Advertisement---

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। झाड़-फूंक के नाम पर घर बुलाए गए 57 वर्षीय ओझा पर एक नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगा है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पुलिस के मुताबिक, क्षेत्र की एक महिला अपने बीमार बेटे के इलाज के लिए झाड़-फूंक का सहारा ले रही थी। इसी सिलसिले में उसने गांव के एक ओझा को घर बुलाया। रविवार को आरोपी ने कथित तौर पर पूजा-अनुष्ठान किया। अनुष्ठान के बाद उसने महिला और उसके बीमार बेटे को पूजा सामग्री के विसर्जन और तालाब की परिक्रमा के बहाने घर से बाहर भेज दिया। इसी दौरान घर में मौजूद नाबालिग बच्ची को अकेला पाकर आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया। कुछ देर बाद जब महिला अपने बेटे के साथ लौटी, तो पीड़िता ने रोते हुए पूरी घटना की जानकारी दी।

घटना की सूचना मिलते ही परिजनों ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। मामला गंभीर होने के कारण पुलिस ने विशेष टीम गठित कर छानबीन शुरू की और सोमवार को आरोपी को दबोच लिया। पूछताछ और प्रारंभिक जांच में आरोपों की पुष्टि के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

जांच के दौरान यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी का आपराधिक इतिहास रहा है। वर्ष 2014 में भी वह जगन्नाथपुर क्षेत्र में एक दुष्कर्म मामले में जेल जा चुका है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। मेडिकल जांच और अन्य कानूनी प्रक्रिया पूरी कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि अंधविश्वास और झाड़-फूंक जैसे तरीकों से दूर रहें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना प्रशासन को दें। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now