दुमका

झारखंड: दो सगी बहनों से की शादी, पत्नियों के झगड़े में पिसा; तंग आकर पति ने लगाई फांसी

ख़बर को शेयर करें

दुमका: झारखंड के दुमका जिले के मसलिया थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां पारिवारिक विवाद से परेशान होकर एक युवक ने आत्महत्या कर ली। घटना जामजोरी गांव की है, जहां रविवार सुबह ग्रामीणों ने पहाड़िया टोला के पास एक कुरूंज के पेड़ से युवक का शव फांसी के फंदे से लटका हुआ देखा। मृतक की पहचान 35 वर्षीय विनोद मरांडी के रूप में की गई है। घटना की खबर फैलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

ग्रामीणों द्वारा सूचना दिए जाने के बाद मसलिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दुमका स्थित फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और परिजनों के साथ-साथ ग्रामीणों से भी पूछताछ कर रही है।

बताया जा रहा है कि विनोद मरांडी की पहली शादी करीब 10 वर्ष पहले हुई थी, जिससे उसे एक बेटा है। कुछ वर्षों बाद उसका अपनी साली के साथ प्रेम संबंध हो गया। बाद में परिवार की सहमति से उसने अपनी पत्नी की छोटी बहन से भी शादी कर ली। दूसरी पत्नी से उसे एक बेटी है।

शुरुआत में परिवार में सब कुछ सामान्य चल रहा था, लेकिन समय के साथ दोनों बहनों के बीच मनमुटाव बढ़ने लगा। धीरे-धीरे यह विवाद अक्सर झगड़े का रूप लेने लगा, जिससे घर का माहौल तनावपूर्ण हो गया।

परिजनों के अनुसार, पिछले कुछ महीनों से घर में रोजाना विवाद हो रहा था। शनिवार की रात भी ससुराल में दोनों पत्नियों और विनोद के बीच तीखी बहस हुई थी। लगातार हो रहे इस पारिवारिक कलह से वह मानसिक रूप से काफी परेशान चल रहा था।

बताया जाता है कि इसी तनाव के कारण विनोद रात में घर से निकल गया और गांव के पास स्थित एक पेड़ से फांसी लगाकर अपनी जान दे दी।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि किन परिस्थितियों में युवक ने यह कदम उठाया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।