---Advertisement---

झारखंड पुलिस के हवलदार की बिहार में गला रेतकर हत्या, हाथ का अंगूठा काटकर ले गए अपराधी

On: December 20, 2025 5:23 PM
---Advertisement---

भोजपुर: बिहार के भोजपुर जिले के चांदी थाना क्षेत्र अंतर्गत भगवतपुर गांव में शुक्रवार देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। अज्ञात अपराधियों ने घर में घुसकर झारखंड पुलिस के एक हवलदार की धारदार हथियार से गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी। इस सनसनीखेज घटना के बाद पूरे गांव और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल कायम हो गया है।


मृतक की पहचान भगवतपुर गांव निवासी स्वर्गीय राम सुरेश तिवारी के 59 वर्षीय पुत्र पशुपति नाथ तिवारी के रूप में हुई है। वे झारखंड के हजारीबाग जिले में हवलदार के पद पर तैनात थे और चालक के रूप में अपनी सेवा दे रहे थे। वे हजारीबाग में अपने परिवार के साथ रहते थे। बताया जा रहा है कि जनवरी 2026 में उनकी सेवानिवृत्ति होनी थी।


परिजनों के अनुसार, बीते 13 दिसंबर को पशुपति नाथ तिवारी के पैतृक घर में चोरी की घटना हुई थी, जिसकी सूचना उन्हें ग्रामीणों ने फोन पर दी थी। इसके बाद 14 दिसंबर को वे अपने परिवार के साथ गांव पहुंचे और चांदी थाना में चोरी को लेकर लिखित आवेदन भी दिया था। इसी मामले को लेकर पुलिस अब हत्या के एंगल से भी जोड़कर जांच कर रही है।


बताया जा रहा है कि शुक्रवार की रात पशुपति नाथ तिवारी ने अपने घर के परिसर में दोस्तों के साथ पार्टी रखी थी, जो देर रात तक चली। पार्टी के दौरान उनकी पत्नी उन्हें सोने के लिए कहकर खुद कमरे में चली गईं। पार्टी समाप्त होने के बाद पशुपति नाथ तिवारी दूसरे कमरे में जाकर सो गए।


सुबह करीब 4:30 बजे जब पत्नी की नींद खुली और पति कमरे में नहीं मिले, तो उन्होंने उनकी तलाश शुरू की। दूसरे कमरे में पहुंचते ही उनका दिल दहल गया। पलंग पर पति का खून से लथपथ शव पड़ा हुआ था। शव पर धारदार हथियार से किए गए हमले के गहरे निशान थे। गर्दन और पेट पर गंभीर जख्म पाए गए, वहीं दाहिने हाथ का अंगूठा कटा हुआ था, जिससे हत्या की क्रूरता का अंदाजा लगाया जा सकता है। कटा हुआ अंगूठा भी गायब है। आशंका है कि फिंगर प्रिंट के लिए भइया का अंगूठा काटा गया है।


घटना की जानकारी मिलते ही सदर एसडीपीओ-टू रंजीत कुमार सिंह और चांदी थानाध्यक्ष राकेश रौशन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने मृतक की पत्नी और अन्य परिजनों से घटना की जानकारी ली और पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जांच शुरू की।

घटना की खबर फैलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। इसके बाद चांदी थाना पुलिस ने घटनास्थल को घेर लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) और डीआईयू (डॉग स्क्वायड/डीआईयू टीम) को भी मौके पर बुलाया गया। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से कई अहम साक्ष्य एकत्र किए हैं।


फिलहाल हत्या के पीछे के कारण और अपराधियों की पहचान स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस आपसी रंजिश, चोरी के मामले और अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now