---Advertisement---

झारखंड: डीजे बजाने से मना करने पर भुजाली से हमला कर युवक की हत्या, 3 घायल

On: March 7, 2026 8:08 AM
---Advertisement---

गिरिडीह: झारखंड के गिरिडीह जिले में तेज म्यूजिक बजाने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। इस घटना में एक युवक की भुजाली से हमला कर हत्या कर दी गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। विरोध में परिजनों और स्थानीय लोगों ने मुख्य सड़क जाम कर दिया।

जानकारी के अनुसार यह घटना गुरुवार देर रात नगर थाना क्षेत्र के दास मोहल्ला में हुई। पुलिस ने इस मामले में सात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। फिलहाल तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

मृतक की पहचान अजय दास के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, मोहल्ले में तेज आवाज में डीजे बज रहा था। देर रात अजय दास डीजे बंद करने का आग्रह करने गया था। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि इस दौरान रावेदास नामक व्यक्ति घर से भुजाली लेकर आया और अजय दास के सीने में वार कर दिया। इसके बाद अन्य आरोपियों ने भी चाकू, ईंट और पत्थर से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। शोर सुनकर अजय दास का भाई प्रद्मुमन कुमार दास, प्रेम कुमार दास और किशोर कुमार दास उसे बचाने के लिए पहुंचे। आरोपियों ने उन पर भी ईंट-पत्थर से हमला कर दिया, जिससे वे घायल हो गए। घटना के बाद गंभीर रूप से घायल अजय दास को तत्काल गिरिडीह सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

इधर, शुक्रवार सुबह घटना के विरोध में मृतक के परिजन और स्थानीय लोग हुट्‌टी बाजार स्थित हटिया गेट के पास मुख्य सड़क पर उतर आए और जाम लगा दिया। करीब दो घंटे तक सड़क जाम रहने से यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा। जाम की सूचना मिलते ही झारखंड सरकार के नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू मौके पर पहुंचे। उन्होंने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर घटना में शामिल आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। साथ ही सरकार की ओर से नियमानुसार उचित मुआवजा दिलाने का भरोसा भी दिलाया। इसके बाद परिजनों और लोगों ने सड़क जाम समाप्त कर दिया।

मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now

और पढ़ें