
रांची: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की संयुक्त स्नातक स्तरीय (CGL) परीक्षा में कथित पेपर लीक और अनियमितता से जुड़े मामले में CID ने एक और गिरफ्तारी की है। जांच एजेंसी ने बिहार के छपरा से कथित एजेंट मनु कुमार सिंह को गिरफ्तार किया है। गुरुवार शाम उसे CID की विशेष अदालत में पेश किया गया, जहां से अदालत ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
CID के अनुसार, मनु कुमार सिंह ने JSSC-CGL परीक्षा में कई अभ्यर्थियों को अनुचित लाभ पहुंचाया था। इनमें कुछ अभ्यर्थियों के सफल होने की भी जानकारी सामने आई है
CID अब मनु कुमार सिंह को रिमांड पर लेकर पूछताछ करने की तैयारी में है। जांच एजेंसी उसके नेटवर्क, अभ्यर्थियों से संपर्क और मामले में उसकी भूमिका से जुड़े बिंदुओं पर पूछताछ कर सकती है। एजेंसी को उम्मीद है कि पूछताछ के जरिए इस पूरे मामले से जुड़े अन्य लोगों और कथित नेटवर्क के बारे में अहम जानकारी सामने आ सकती है।
मनु कुमार सिंह की गिरफ्तारी के बाद JSSC CGL पेपर लीक मामले में अब तक गिरफ्तार आरोपियों की संख्या 33 हो गई है। CID इस मामले में कथित पेपर लीक के अलावा अभ्यर्थियों तक प्रश्न और उत्तर पहुंचाने, उन्हें उत्तर रटवाने और परीक्षा में सफलता दिलाने के नाम पर पैसे लेने जैसे आरोपों की भी जांच कर रही है।
जांच एजेंसी उन कड़ियों को भी जोड़ने में जुटी है, जिनके जरिए अभ्यर्थियों की कथित तौर पर सेटिंग कराए जाने की बात सामने आई है। CID यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कथित प्रश्नपत्र और उत्तर अभ्यर्थियों तक कैसे पहुंचे, इसमें किन लोगों की भूमिका थी और इसके एवज में पैसे के लेन-देन का क्या हिसाब-किताब था।






