
पलामू: जिले में मोहम्मदगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत लॉटपोरी गांव के पास गुरुवार को सड़क हादसे में दो किशोरों की मौत हो गई, जबकि तीसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा मुख्य सड़क पर करीब रात 8 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
मृतकों की पहचान हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के अमाही गांव निवासी सुपेंद्र मेहता के 16 वर्षीय पुत्र सुजीत कुमार मेहता और डंडिला गांव निवासी रूपन यादव के पुत्र मंजीत यादव के रूप में हुई है। वहीं, हादसे में घायल अमाही गांव निवासी मंदीप यादव के पुत्र मंटू कुमार का इलाज अस्पताल में चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, तीनों किशोर एक ही बाइक पर सवार होकर कहीं जा रहे थे। लॉटपोरी गांव के समीप पहुंचते ही बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे स्थित पेड़ से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार तीनों किशोर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही मोहम्मदगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को इलाज के लिए हुसैनाबाद अनुमंडलीय अस्पताल भेजा गया। अस्पताल में इलाज के दौरान सुजीत कुमार मेहता और मंजीत यादव ने दम तोड़ दिया। वहीं, मंटू कुमार का इलाज जारी है।
हादसे में दो किशोरों की मौत की खबर मिलते ही अमाही और डंडिला गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इधर, पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक को कब्जे में ले लिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।





