
पटना: खान ग्लोबल स्टडीज के डायरेक्टर और चर्चित शिक्षक फैजल खान उर्फ खान सर एक बार फिर विवादों में हैं। निखिल कोचिंग संस्थान के संचालक निखिल कुमार ने खान सर पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका दावा है कि खान सर ने कई लड़कियों का शोषण किया है। ऐसी 7-8 लड़कियां उनके संपर्क में हैं और इंसाफ चाहती हैं। निखिल कुमार ने कहा है कि वे इन लड़कियों की आवाज उठाएंगे और जल्द ही मामले से जुड़े और तथ्य सामने रखेंगे।
शनिवार को पटना के एक होटल में मीडिया से बातचीत के दौरान निखिल कुमार ने दावा किया कि उन्हें लगातार धमकियां मिल रही हैं और उनकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि 25 जून 2026 से शाहगंज स्थित उनकी मौजूदा निखिल कोचिंग के आसपास कथित तौर पर उनकी रेकी कराई जा रही है। इस संबंध में उन्होंने पुलिस को शिकायत देकर मामले की जांच और अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
यूपी की लड़की के मामले का भी किया जिक्र
निखिल कुमार ने करीब एक महीने पहले उत्तर प्रदेश की एक लड़की द्वारा पटना के पीरबहोर थाने में दिए गए सुरक्षा आवेदन का भी जिक्र किया। उनके मुताबिक, लड़की का दावा था कि वह खान सर से जुड़ी कुछ महत्वपूर्ण जानकारियां जानती है और इसी वजह से उसे अपनी सुरक्षा को लेकर खतरा महसूस हो रहा है।
निखिल कुमार ने कहा कि उन्होंने उक्त लड़की का समर्थन किया था। उनका दावा है कि इसके बाद खान सर से जुड़े कुछ लोगों की ओर से उन्हें कथित तौर पर धमकियां मिलने लगीं।
‘7-8 लड़कियां संपर्क में, कई अब भी डर से चुप’
निखिल कुमार का दावा है कि यूपी की लड़की के सामने आने के बाद कुछ अन्य लड़कियों में भी अपनी बात रखने का साहस आया है। उन्होंने कहा कि करीब 7-8 लड़कियां उनके संपर्क में हैं और वे इंसाफ चाहती हैं। उनका यह भी कहना है कि कई लड़कियां अभी भी डर की वजह से सामने नहीं आ रही हैं। उन्होंने दावा किया कि उनके पास इन आरोपों से संबंधित कुछ साक्ष्य भी मौजूद हैं।
पैसे के ऑफर का भी लगाया आरोप
निखिल कुमार ने दावा किया कि खान सर को लेकर सच्चाई सामने लाने की कोशिश के दौरान उन्हें पैसे का ऑफर दिया गया था। उनके मुताबिक, उन्होंने ऑफर को ठुकरा दिया। इसके बाद उनकी गतिविधियों पर नजर रखे जाने लगी।
2014 से जुड़े कोचिंग विवाद का भी उठाया मुद्दा
निखिल कुमार ने खान सर के साथ अपने पुराने संबंधों और कोचिंग संस्थान से जुड़े विवाद का भी जिक्र किया। उनका कहना है कि उन्होंने वर्ष 2014 में पटना के मुसल्लहपुर हाट स्थित विश्वनाथ मार्केट में निखिल कोचिंग सेंटर की शुरुआत की थी। इसी दौरान फैजल खान को वहां शिक्षक के तौर पर पढ़ाने की जिम्मेदारी दी गई थी।
निखिल कुमार का आरोप है कि वर्ष 2019 में साजिश और विश्वासघात के जरिए खान सर ने कोचिंग की संपत्ति पर कब्जा कर लिया। उन्होंने दावा किया कि इस मामले से जुड़े पुराने दस्तावेज उनके पास मौजूद हैं।
खान सर की टीम ने आरोपों को बताया छवि खराब करने की कोशिश
वहीं, निखिल कुमार के आरोपों पर खान सर की टीम ने अलग पक्ष रखा है। टीम ने इन आरोपों को खान सर की छवि खराब करने की कोशिश बताया है। टीम का कहना है कि खान सर से किसी को डरने की जरूरत नहीं है और उन पर लगाए जा रहे आरोपों में सच्चाई नहीं है।
खान सर की टीम ने यह भी सवाल उठाया कि अगर खान सर वास्तव में लोगों को धमकाते हैं तो इतने शिक्षक और अन्य लोग उनके साथ काम करके कैसे आगे बढ़े। टीम के मुताबिक, रौशन आनंद और खान सर के बीच विवाद सामने आने के बाद से लगातार खान सर की छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है।
कोचिंग संस्थान पर कब्जे के आरोप को भी खान सर की टीम ने खारिज किया। टीम के मुताबिक, खान सर की कोचिंग में अब तक करीब 50 शिक्षक पढ़ाकर जा चुके हैं। इनमें से कई शिक्षकों ने बाद में अपनी अलग कोचिंग शुरू की।
टीम का कहना है कि किसी शिक्षक का संस्थान छोड़कर अपना करियर आगे बढ़ाना सामान्य प्रक्रिया है। इसे कोचिंग संस्थान पर कब्जे से जोड़ना उचित नहीं है।







