खूंटी: जिले में बहुचर्चित पड़हा राजा सोमा मुंडा हत्याकांड का पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए शूटर समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। बुधवार को खूंटी पुलिस अधीक्षक मनीष तपन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले का खुलासा किया और बताया कि यह हत्या जमीन विवाद के चलते साजिश के तहत अंजाम दी गई थी।
एसपी के अनुसार गिरफ्तार किए गए आरोपियों में डेनियल संगा, सुमित दगल सांड, मार्कुस संगा, रोशन मिचयाडी, संदीप खलको और संतोष दगल सांड शामिल हैं। पुलिस ने इससे पहले भी इस कांड में संलिप्त दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। वहीं, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
जमीन विवाद बना हत्या की वजह
पुलिस जांच में सामने आया है कि सोमा मुंडा और आरोपियों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। आरोपी जमीन खरीद-फरोख्त के धंधे से जुड़े थे और सीएनटी व गैरमजरुआ जमीन के लेन-देन को लेकर उनका सोमा मुंडा से टकराव था। इसी रंजिश में उन्हें रास्ते से हटाने की साजिश रची गई।
साजिशन की गई थी हत्या
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी द्वारा विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया था। एसआईटी ने तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर पूरे षड्यंत्र का पर्दाफाश किया। जांच में पता चला कि आरोपियों ने पहले से हथियार, मोटरसाइकिल और शूटर की व्यवस्था कर रखी थी।
7 जनवरी 2026 को सोमा मुंडा अपनी पत्नी के साथ मोटरसाइकिल से खूंटी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान घात लगाए बैठे अपराधियों ने उनका पीछा किया और जमुवादाग तालाब के पास देसी पिस्टल से गोली मारकर उनकी हत्या कर दी। वारदात के बाद सभी आरोपी फरार हो गए थे।
हथियार और वाहन बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से हत्या में प्रयुक्त देसी पिस्टल, चार जिंदा कारतूस, दो मोटरसाइकिल और अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद किया है। पुलिस का कहना है कि बरामद साक्ष्य आरोपियों की संलिप्तता को स्पष्ट रूप से साबित करते हैं।
सड़कों पर कराया गया पैदल मार्च
गौरतलब है कि सोमा मुंडा की हत्या के बाद पूरे राज्य में आदिवासी समाज में भारी आक्रोश देखने को मिला था। कई जगहों पर विरोध प्रदर्शन हुए और सामाजिक-राजनीतिक स्तर पर भी तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आई थीं। कानून व्यवस्था के प्रति आम लोगों का भरोसा कायम रखने के उद्देश्य से पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों को खूंटी की सड़कों पर पैदल मार्च भी कराया।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और फरार अपराधियों की गिरफ्तारी जल्द की जाएगी।














