---Advertisement---

बीएच एरिया इमामबाड़ा में अकीदत व एहतराम के साथ मनाई गई 9वीं मुहर्रम, फातेहा के बाद लंगर तकसीम

On: June 27, 2026 7:17 AM
---Advertisement---

जमशेदपुर:धातकीडीह के बीएच एरिया रोड नंबर-5 स्थित बीएच एरिया इमामबाड़ा में 9वीं मुहर्रम पूरे अदब, एहतराम और अकीदत के साथ मनाई गई। ज़ोहर की नमाज़ के बाद बड़ी तादाद में अकीदतमंद इमाम हुसैन की शहादत की याद में इमामबाड़ा पहुंचे। फातेहा ख़्वानी के बाद मुल्क में अमन, सलामती और इंसानियत की भलाई के लिए ख़ुसूसी दुआएं की गईं। इस मौके पर लोगों ने अपने-अपने घरों से शीरीनी लाकर नियाज़ पेश की, जिसे फातेहा के बाद अकीदतमंदों में तकसीम किया गया। वहीं लंगर का भी एहतिमाम किया गया, जिसमें बड़ी तादाद में लोगों ने शिरकत की।

मुहर्रम की 9वीं और 10वीं तारीख़ के मौके पर सुबह से ही इमामबाड़ा में रूहानी माहौल कायम रहा। अकीदतमंदों का सिलसिला दिनभर जारी रहा और लोगों ने ग़म-ए-हुसैन में शरीक होकर कर्बला के शहीदों को ख़िराज-ए-अकीदत पेश किया। इबादत, ज़िक्र और दुआओं का सिलसिला देर तक जारी रहा।

अखाड़ा कमेटी के सदर मोहम्मद शमीम, नायब सदर मेराज ख़ान और सेक्रेटरी मोहम्मद शारीक ने बताया कि मुहर्रम का चांद नज़र आते ही इमामबाड़ा की साफ़-सफ़ाई, आराइश और दूसरी तैयारियां शुरू कर दी जाती हैं। उन्होंने बताया कि चांद की पांचवीं तारीख़ को फातेहा ख़्वानी के साथ इमामबाड़ा पूरी तरह सज जाता है और इलाके के लोग बढ़-चढ़कर इन तैयारियों में हिस्सा लेते हैं।

सदर मोहम्मद शमीम ने बताया कि इस साल भी मुहर्रम पूरी सादगी और एहतराम के साथ मनाया जा रहा है। 10वीं मुहर्रम को पारंपरिक रस्म के तहत निशान को कर्बला ले जाकर ठंडा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कंपनी क्षेत्र होने के बावजूद यहां बरसों से मुहर्रम अमन, भाईचारे और आपसी यकजहती के माहौल में मनाया जाता है।

Satish Sinha

मैं सतीश सिन्हा, बीते 38 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र से जुड़ा हूँ। इस दौरान मैंने कई अखबारों और समाचार चैनलों में रिपोर्टर के रूप में कार्य करते हुए न केवल खबरों को पाठकों और दर्शकों तक पहुँचाने का कार्य किया, बल्कि समाज की समस्याओं, आम जनता की आवाज़ और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की वास्तविक तस्वीर को इमानदारी से उजागर करने का प्रयास भी निरंतर करता रहा हूँ। पिछले तकरीबन 6 वर्षों से मैं 'झारखंड वार्ता' से जुड़ा हूँ और क्षेत्रीय से जिले की हर छोटी-बड़ी घटनाओं की सटीक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग के माध्यम से पत्रकारिता को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का प्रयास कर रहा हूँ।

Join WhatsApp

Join Now