जलमीनार अधूरा रहने से लोगों को भारी परेशानी, जल्द समाधान की मांग — ग्रामीण
शुभम जायसवाल
श्री बंशीधर नगर (गढ़वा)। सरकार की महत्वाकांक्षी हर घर नल से जल योजना का लाभ कधवान पंचायत के उसका कला गांव स्थित विश्वकर्मा टोला के ग्रामीणों को अब तक नहीं मिल पाया है। यहां प्रधानमंत्री नल-जल योजना के तहत जलमीनार का निर्माण तो कराया गया, लेकिन काम अधूरा छोड़ दिए जाने के कारण पिछले दो वर्षों से दर्जनों परिवार गंभीर पेयजल संकट का सामना कर रहे हैं। भीषण गर्मी और उमस भरे मौसम में ग्रामीण बूंद-बूंद पानी के लिए भटकने को मजबूर हैं, जबकि संबंधित विभाग और प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है।
ग्रामीणों का आरोप है कि जलमीनार निर्माण कार्य शुरू होने के बाद कुछ दिनों तक काम चला, लेकिन बाद में योजना अधूरी छोड़ दी गई। इसके कारण आज तक नियमित जलापूर्ति शुरू नहीं हो सकी। लोगों का कहना है कि सरकार गांव-गांव तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने का दावा कर रही है, लेकिन विश्वकर्मा टोला के लोग आज भी मूलभूत सुविधा से वंचित हैं।
शिकायत के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई
ग्रामीण नरेश राम, दीनानाथ राम, विमलेश कुमार सहित अन्य लोगों ने बताया कि नल-जल योजना के टोल फ्री नंबर पर कई बार शिकायत दर्ज कराई गई, लेकिन हर बार केवल आश्वासन मिला। शिकायतों के बावजूद न तो कोई अधिकारी जांच के लिए पहुंचा और न ही समस्या के समाधान की दिशा में कोई पहल हुई। इससे ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि योजना का लाभ मिलने की उम्मीद में लोग वर्षों से इंतजार कर रहे हैं, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी योजनाएं केवल कागजों और दावों तक सीमित होकर रह गई हैं।
दो बाल्टी पानी के सहारे गुजर-बसर
विश्वकर्मा टोला में पेयजल की समस्या इतनी गंभीर हो चुकी है कि लोग एक निजी बोरिंग के सहारे जीवन यापन कर रहे हैं। बोरिंग से प्रतिदिन प्रत्येक परिवार को मात्र दो-दो बाल्टी पानी मिल पाता है। इसी पानी से पीने, खाना बनाने और अन्य घरेलू कार्यों को किसी तरह पूरा किया जा रहा है।
महिलाओं और बच्चों को सुबह से ही पानी भरने के लिए लंबी कतार में खड़ा होना पड़ता है। कई बार पर्याप्त पानी नहीं मिलने पर लोगों को दूसरे मोहल्लों का रुख करना पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि जल संकट के कारण दैनिक जीवन पूरी तरह प्रभावित हो रहा है।
जल्द समाधान नहीं हुआ तो होगा आंदोलन
ग्रामीणों ने नगर ऊंटारी प्रशासन, नगर पंचायत तथा जिला प्रशासन से अविलंब हस्तक्षेप कर अधूरे पड़े जलमीनार का निर्माण कार्य पूरा कराने और नियमित जलापूर्ति शुरू कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि जब सरकार हर घर तक नल से जल पहुंचाने का दावा कर रही है, तो विश्वकर्मा टोला के लोग आखिर कब तक पानी के लिए भटकते रहेंगे।
दो वर्षों से अधूरा पड़ा जलमीनार, बूंद-बूंद पानी को तरस रहे विश्वकर्मा टोला के लोग














