खासम ख़ास

‘अगली बार गोली सीधे माथे में मारेंगे…’, सिंगर बादशाह को लॉरेंस बिश्नोई गैंग की धमकी

ख़बर को शेयर करें

Lawrence Bishnoi Threatens to Badshah: हरियाणवी गाने ‘टटीरी’ को लेकर चल रहा विवाद अब और गंभीर हो गया है। मशहूर सिंगर-रैपर बादशाह के खिलाफ अब कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के गैंग की एंट्री हो गई है। गैंग से जुड़े लोगों ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बादशाह को जान से मारने की धमकी दी है।

हरियाणा के पानीपत में शनिवार (14 मार्च) को असंध रोड स्थित वेस्टर्न यूनियन के एक दफ्तर पर ताबड़तोड़ फायरिंग की घटना सामने आई थी। इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हुआ, जिसमें लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े बताए जा रहे रंदीप मलिक और अनिल पंडित ने फायरिंग की जिम्मेदारी लेने का दावा किया।

पोस्ट में लिखा गया कि यह कार्रवाई हवाला कारोबारियों के खिलाफ एक ट्रेलर है। साथ ही अंत में सिंगर बादशाह के नाम एक धमकी भरा संदेश भी लिखा गया।

वायरल पोस्ट में कहा गया कि बादशाह अपने गानों के जरिए हरियाणा की संस्कृति को खराब कर रहे हैं। गैंग ने चेतावनी देते हुए लिखा कि वर्ष 2024 में उनके क्लब में ट्रेलर दिखाया गया था और अगली बार सीधे उनके माथे में गोली मार दी जाएगी। इस धमकी के सामने आने के बाद मामले ने और तूल पकड़ लिया है।


दरअसल, 1 मार्च को बादशाह का हरियाणवी गाना टटीरी रिलीज हुआ था। गाने के बोल और वीडियो को लेकर कुछ संगठनों ने आपत्ति जताई थी और आरोप लगाया था कि इसमें महिलाओं को लेकर आपत्तिजनक शब्दों और दृश्य का इस्तेमाल किया गया है।

सबसे पहले हरियाणा महिला आयोग की ओर से इस गाने को लेकर शिकायत दर्ज कराई गई थी। आयोग का कहना था कि गाने के बोल और विजुअल्स समाज के लिए आपत्तिजनक हैं और इससे महिलाओं की गरिमा प्रभावित होती है।

विवाद बढ़ने के बाद बादशाह ने सार्वजनिक रूप से माफी भी मांगी थी और कहा था कि उनका उद्देश्य किसी की भावनाओं को आहत करना नहीं था। इसके बावजूद विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा।

बाद में इस गाने को यूट्यूब समेत कई सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से हटा दिया गया। हालांकि, अब लॉरेंस बिश्नोई गैंग की धमकी सामने आने के बाद मामला और गंभीर हो गया है।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।