
सरायकेला-खरसावां: सरायकेला थाना क्षेत्र के नारायणपुर गांव में शनिवार को वज्रपात की चपेट में आने से 56 वर्षीय महिला किसान अवंती महतो की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब वह खेत में धान का बिचड़ा तैयार करने के लिए कृषि कार्य में जुटी थीं। घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, अवंती महतो शनिवार सुबह करीब 10 बजे नारायणपुर गांव के समीप स्थित खेत में काम करने पहुंची थीं। इसी दौरान मौसम में अचानक बदलाव आया और तेज गर्जना के बीच आकाशीय बिजली खेत में गिर गई। इसकी चपेट में आने से अवंती महतो गंभीर रूप से झुलस गईं और मौके पर ही बेसुध होकर गिर पड़ीं।
घटना के बाद आसपास खेतों में मौजूद ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और महिला को इलाज के लिए सरायकेला सदर अस्पताल ले गए। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजन शव को अस्पताल से घर ले आए। बताया जा रहा है कि पुलिस को औपचारिक सूचना दिए बिना ही परिजनों ने अंतिम संस्कार की तैयारी शुरू कर दी थी।
इसी बीच मामले की जानकारी सरायकेला थाना पुलिस को मिली। पुलिस टीम तत्काल नारायणपुर गांव पहुंची और परिजनों को कानूनी प्रक्रिया तथा सरकारी प्रावधानों की जानकारी दी। पुलिस के समझाने के बाद अंतिम संस्कार रोक दिया गया।
इसके बाद पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कराया और शव को दोबारा सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, शनिवार शाम होने के कारण पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी। पोस्टमॉर्टम रविवार को कराया जाएगा।
हादसे के बाद गांव में शोक की लहर है। ग्रामीणों ने बताया कि कृषि कार्य के दौरान अचानक हुए वज्रपात से यह दुखद घटना हुई।




