
आकाश लोहार
गढ़वा
चारों ओर हरियाली,शांत वातावरण और प्रकृति की खूबसूरत गोद में विराजमान श्री नीलकंठ महादेव बाबा का पवित्र धाम,सुबह की पहली किरण के साथ ही आज यह पूरा परिसर भक्ति और आस्था के रंग में रंग गया,हर तरफ श्रद्धा का माहौल था,हाथों में पूजा की थाली,आंखों में भगवान भोलेनाथ के प्रति विश्वास और मन में अपने परिवार की सुख समृद्धि की कामना लिए सैकड़ों ग्रामीण महिलाएं नीलकंठ महादेव के दरबार में पहुंचीं,मौका था हरतालिका व्रत का,जहां महिलाओं ने पूरे विधि विधान और श्रद्धा के साथ बाबा नीलकंठ महादेव की पूजा अर्चना कर अपना व्रत संपन्न किया।
विधि विधान से हुई पूजा,महादेव से मांगा सुखी दांपत्य जीवन का आशीर्वाद :- प्रातः शुभ मुहूर्त में श्री नीलकंठ महादेव बाबा की पूजा अर्चना शुरू हुई,पुरोहित ओमप्रकाश पाठक जी के द्वारा विधि विधान और धार्मिक परंपराओं के अनुसार पूजा संपन्न कराई गई,पूजा के दौरान पूरा वातावरण भगवान भोलेनाथ के जयकारों और भक्ति भाव से सराबोर नजर आया,महिलाओं ने बाबा नीलकंठ महादेव के चरणों में पूजा अर्चना कर अपने पति की लंबी उम्र,परिवार की सुख शांति और समृद्धि की कामना की,प्रकृति के बीच स्थित इस पवित्र स्थल पर जब सैकड़ों महिलाओं की आस्था एक साथ दिखाई दी,तो मानो बंडा पहाड़ का पूरा वातावरण ही शिवमय हो उठा।
एक दिन पहले ही जागृति युवा क्लब ने संभाल ली थी व्यवस्था :- हरतालिका व्रत को लेकर श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो,इसके लिए जागृति युवा क्लब के पदाधिकारियों और सदस्यों ने एक दिन पहले ही मंदिर परिसर की साफ सफाई का कार्य पूरा कर लिया था,पूजा स्थल को व्यवस्थित करने से लेकर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं क्लब की ओर से की गईं,क्लब के सदस्यों की सक्रियता के कारण पूजा के दौरान महिलाओं और ग्रामीण श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा मिल सकी।
त्योहार हो या धार्मिक आयोजन,सेवा में आगे रहता है क्लब :- इस मौके पर जागृति युवा क्लब के कोषाध्यक्ष विवेकानंद पाल,सचिव विनय पाल,आनंद चंद्रवंशी,सलाहकार ओमप्रकाश पाल,भूदेव पाल सहित क्लब के अन्य पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे,क्लब के अध्यक्ष जितेंद्र पाल ने कहा कि जागृति युवा क्लब केवल एक संगठन के रूप में नहीं,बल्कि सामाजिक और धार्मिक जिम्मेदारी निभाने वाले समूह के रूप में लगातार काम कर रहा है,मंदिर परिसर में होने वाले धार्मिक आयोजनों और त्योहारों में क्लब बढ़ चढ़कर हिस्सा लेता है और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए समुचित व्यवस्था करने का प्रयास करता है,उन्होंने कहा कि श्री नीलकंठ महादेव मंदिर परिसर का विकास लगातार होता रहे और आने वाले समय में यह स्थान और बेहतर एवं सुविधायुक्त बने,इसके लिए जागृति युवा क्लब हमेशा प्रयासरत रहेगा।
आस्था के साथ विकास की उम्मीद :- बंडा पहाड़ की खूबसूरत वादियों के बीच स्थित श्री नीलकंठ महादेव धाम में हरतालिका व्रत का यह आयोजन सिर्फ एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं,बल्कि ग्रामीण महिलाओं की अटूट आस्था और सामाजिक एकजुटता की तस्वीर भी पेश करता नजर आया,जहां एक ओर महिलाओं ने बाबा भोलेनाथ के चरणों में अपनी श्रद्धा अर्पित की,वहीं दूसरी ओर युवाओं ने सेवा और व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालकर यह संदेश दिया कि जब आस्था के साथ सेवा का भाव जुड़ता है,तो कोई भी धार्मिक आयोजन यादगार बन जाता है,आज बंडा पहाड़ में कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला महादेव की भक्ति,महिलाओं की आस्था,प्रकृति की खूबसूरती और युवाओं की सेवा,इन चारों ने मिलकर नीलकंठ महादेव के दरबार को सचमुच खास बना दिया।






