July 26, 2026

बिहार की जेडीयू विधायक मनोरमा देवी के बेटे से माओवादियों ने मांगी लेवी, झारखंड से कनेक्शन; मामला दर्ज, बिहार हिंदी न्यूज़

बिहार के गयाजी जिले की बेलागंज विधानसभा सीट से जनता दल (यूनाइटेड) विधायक मनोरमा देवी के बेटे से लेवी मांगी गई है. भाकमा माओवादियों ने विधायक के बेटे रॉकी यादव से 5 फीसदी लेवी की मांग की है. इस मामले में अब केस दर्ज कर लिया गया है.

बिहार के गयाजी जिले में बेलागंज से जदयू विधायक मनोरमा देवी के बड़े बेटे संवेदक राकेश रंजन यादव उर्फ ​​रॉकी यादव से सीपीआई माओवादी (भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी) के नाम पर पांच फीसदी लेवी मांगने का मामला सामने आया है. इस पूरे मामले में झारखंड कनेक्शन भी सामने आया है. इस संबंध में विधायक मनोरमा देवी के बेटे रॉकी यादव ने मंगलवार को गया शहर के रामपुर थाने में लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करायी है. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तकनीकी जांच शुरू कर दी है.

रामपुर थाना प्रभारी दिनेश बहादुर सिंह ने बताया कि आवेदन के अनुसार पिछले तीन दिनों से एक व्हाट्सएप नंबर से लगातार कॉल आ रही थी. कॉल करने वाले के व्हाट्सएप प्रोफाइल (स्टेटस) पर सीपीआई माओवादी लिखा हुआ था। सोमवार की शाम करीब 4:35 बजे उसी नंबर से व्हाट्सएप मैसेज भेजा गया, जिसमें कहा गया कि रॉकी यादव झारखंड के चतरा इलाके में सड़क निर्माण का काम करा रहा है, लेकिन उसने अभी तक संस्था से संपर्क नहीं किया है. मैसेज में सेंट्रल जोनल कमेटी, सीपीआई माओवादी के नाम पर पांच प्रतिशत लेवी की मांग की गयी थी और लेवी नहीं देने पर काम बंद करने की चेतावनी भी दी गयी थी.

पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है

रॉकी यादव ने पुलिस को बताया कि वह झारखंड के चतरा बाइपास इलाके में भारत विकास परियोजना के तहत सड़क निर्माण कार्य करा रहा था. इसके अलावा आवेदन में चतरा में रामिया कंस्ट्रक्शन कंपनी की देखरेख में चल रहे माइंस कार्य का भी जिक्र किया गया है. इस प्रोजेक्ट को लेकर कथित तौर पर पांच फीसदी लेवी मांगी गयी है.

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने संबंधित व्हाट्सएप नंबर, कॉल डिटेल और भेजे गए मैसेज की तकनीकी जांच शुरू कर दी है। यह पता लगाया जा रहा है कि क्या मैसेज भेजने वाला वास्तव में किसी प्रतिबंधित नक्सली संगठन से जुड़ा है या किसी ने माओवादी संगठन के नाम का इस्तेमाल कर पैसे ऐंठने की कोशिश की है. सूत्रों के अनुसार मामले की जानकारी मिलने के बाद विधायक के छोटे बेटे जैकी यादव भी चतरा गये.

मुख्य बातें-:

● चतरा में निर्माण और माइंस प्रोजेक्ट को लेकर व्हाट्सएप पर भेजा गया धमकी भरा मैसेज.

● लेवी नहीं देने पर काम बंद करने की चेतावनी, गया के रामपुर थाने में दर्ज करायी गयी प्राथमिकी

● तकनीकी जांच में जुटी पुलिस, माओवादी कनेक्शन और फर्जीवाड़े की हो रही जांच।

● बेलागंज से जेडीयू विधायक मनोरमा देवी के बड़े बेटे हैं.

Source link

ख़बर को शेयर करें।