
हैदराबाद: तेलंगाना के आदिलाबाद स्थित राजीव गांधी इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (RIMS) में सोमवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। अस्पताल के स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट (SNCU) में अचानक आग लगने से दो नवजात बच्चों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य बच्चे प्रभावित हुए हैं। हादसे के समय वार्ड में कुल 27 नवजात भर्ती थे।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। अस्पताल प्रशासन और रेस्क्यू टीम ने वार्ड में फंसे बच्चों को बाहर निकालने के लिए तत्काल अभियान चलाया।
जानकारी के मुताबिक, रात करीब 11:50 बजे SNCU वार्ड में लगे एयर कंडीशनर में शॉर्ट सर्किट के बाद जोरदार धमाका हुआ। इसके बाद वार्ड में तेजी से आग फैल गई और कुछ ही देर में पूरे परिसर में धुआं भर गया। आग लगने के बाद अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई।
हादसे के वक्त वार्ड में मौजूद 27 नवजातों में से 25 को अस्पताल के कर्मचारियों और रेस्क्यू टीम ने समय रहते बाहर निकाल लिया। हालांकि, आग और घने धुएं की चपेट में आने से दो नवजातों की जान नहीं बचाई जा सकी।
बताया जा रहा है कि कई बच्चे झुलस गए हैं, जबकि कुछ नवजातों की तबीयत धुआं अंदर जाने के कारण बिगड़ गई। प्रभावित बच्चों को तत्काल नजदीकी निजी अस्पतालों में शिफ्ट किया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।







