
मुजफ्फरनगर: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में जन्माष्टमी की रात एक 14 वर्षीय किशोरी के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आने से हड़कंप मच गया। आरोप है कि मंदिर जाने के लिए घर से निकली नाबालिग को रास्ते में विशेष समुदाय के तीन युवकों ने जबरन उठा लिया और गांव के ही एक युवक के घर ले गए। यहां एक कमरे में उसके साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया गया। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। मामला अलग-अलग संप्रदायों से जुड़ा होने के कारण क्षेत्र में स्थिति संवेदनशील बनी हुई है।
घटना छपार थाना क्षेत्र के एक गांव की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, 4 सितंबर की रात जन्माष्टमी के अवसर पर 14 वर्षीय किशोरी मंदिर जाने के लिए घर से निकली थी। आरोप है कि रास्ते में गांव के ही रहने वाले समीर ने अपने दो साथियों वलीन और सलमान के साथ मिलकर किशोरी को जबरन अपने कब्जे में ले लिया।
परिजनों के मुताबिक, किशोरी मंदिर जाने के लिए निकली थी, लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी जब वह वापस घर नहीं पहुंची तो परिवार के लोगों को चिंता हुई। इसके बाद उन्होंने आसपास और गांव में उसकी तलाश शुरू कर दी।
तलाश के दौरान किशोरी आरोपी समीर के घर पर मिली। बताया जा रहा है कि उस समय उसकी हालत बदहवास थी। परिजनों के सामने किशोरी ने कथित घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिवार उसे लेकर छपार थाने पहुंचा और पुलिस को लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। आरोप है कि तीनों युवक किशोरी को जबरन समीर के घर ले गए थे। वहां समीर ने एक कमरे में किशोरी के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने पीड़िता के बयान और शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ संबंधित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी समीर को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद वलीन और सलमान मौके से फरार हो गए थे। दोनों की तलाश में पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
नाबालिग पीड़िता से जुड़े मामले में पुलिस ने उसकी पहचान गोपनीय रखी है। घटना के संबंध में पुलिस की जांच और कानूनी प्रक्रिया जारी है।
यशवीर योग साधना आश्रम, बघरा के स्वामी यशवीर ने आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं होने पर मुस्लिम बस्ती का घेराव कर आंदोलन की चेतावनी दी है।







