
मैनपुरी: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने रिश्तों की पारंपरिक परिभाषाओं पर नई बहस छेड़ दी है। यहां पांच बच्चों की 45 वर्षीय विधवा महिला को अपनी ही बहन के दामाद से प्रेम हो गया। करीब छह महीने से चल रहे इस रिश्ते का परिवार को पता चला तो विरोध शुरू हो गया। समझाने के तमाम प्रयासों के बावजूद महिला और युवक साथ रहने और शादी करने की जिद पर अड़े हुए हैं।
मामला कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ले का है। 45 वर्षीय महिला के पति की मृत्यु हो चुकी है और वह अपने पांच बच्चों के साथ रहती है। इसी मोहल्ले में उसकी बहन भी रहती है। करीब दो साल पहले महिला की बहन की बेटी की शादी नगर के दूसरे मोहल्ले में रहने वाले 26 वर्षीय युवक से हुई थी। शादी के बाद युवक का ससुराल आना-जाना शुरू हुआ।
परिजनों के अनुसार, इसी दौरान महिला और युवक के बीच नजदीकियां बढ़ीं। करीब छह महीने पहले दोनों के बीच प्रेम संबंध की जानकारी परिवार को हुई। इसके बाद परिजनों ने दोनों को समझाया और संबंध खत्म करने के लिए कहा, लेकिन दोनों ने एक-दूसरे से बातचीत जारी रखी।
बुधवार को परिजनों ने घर में पंचायत कर दोनों को समझाने का प्रयास किया। काफी देर तक बातचीत के बावजूद महिला और युवक अपने फैसले से पीछे नहीं हटे। दोनों ने साथ रहने और शादी करने की इच्छा जताई। इसके बाद परिजन दोनों को लेकर कोतवाली पहुंच गए।
पुलिस के सामने युवक ने बताया कि उसका महिला के साथ करीब छह महीने से प्रेम संबंध है और दोनों अब शादी करना चाहते हैं। महिला ने भी युवक के साथ रहने की इच्छा जताई।
पुलिस ने जब महिला से उसके पांच बच्चों के भविष्य और उनकी देखभाल को लेकर सवाल किया तो उसने कहा कि वह बच्चों को अपने साथ ही रखेगी। हालांकि, महिला के परिजन इस फैसले से सहमत नहीं हैं।
मामले में सीओ सिटी अशोक कुमार ने बताया कि महिला और उसकी बहन के दामाद के बीच प्रेम संबंध का मामला सामने आया है। दोनों को समझाने के लिए काउंसलिंग कराई जा रही है।







